
घटनास्थल (Img : Dynamite News)
हरदोई: छठ पूजा की खुशियां मनाने नोएडा से प्रयागराज जा रहे एक परिवार की जिंदगी गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण हादसे ने उजाड़ दी। जिस घर में त्योहार की तैयारियां हो रही थीं। वहां अब मातम पसरा है। हादसे में नोएडा की एक IT कंपनी के वाइस चेयरमैन उनकी पत्नी और दो बच्चों की मौत हो गई। डेढ़ साल का मासूम गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज के नीम सराय मुंडेरा निवासी सौरभ उपाध्याय गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) की एक निजी IT कंपनी में वाइस चेयरमैन थे। बुधवार को वह अपनी पत्नी मेनका उपाध्याय, सात सला बेटे व्योम और डेढ़ वर्षीय बेटे शिवोम के साथ एक्सयूवी-300 कार से प्रयागराज जा रहे थे। परिवार का मकसद छठ पूजा पर अपने पैतृक घर पहुंचकर अपनों के साथ त्योहार मनाना था।
बताया जा रहा है कि हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र में अंटवा गांव के पास पिलर संख्या 317 के नजदीक अचानक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सौरभ, उनकी पत्नी मेनका और सात साल बेटे व्योम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं डेढ़ साल शिवोम गंभीर रूप से घायल हो गया।
सुलतानपुर में भीषण सड़क हादसा, अयोध्या-प्रयागराज बाईपास पर बोलेरो और पल्सर बाइक की जोरदार टक्कर
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हरदोई रेफर कर दिया। परिवार के तीन सदस्यों की मौत और मासूम बच्चे के घायल होने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस और एंबुलेंस देर से पहुंचीं। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने यूपीडा के निगरानी दस्ते के वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को एक्सप्रेस-वे से नीचे उतारा।
पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। छठ पूजा पर घर लौटने का सपना लेकर निकले परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
Location : Hardoi
Published : 11 November 2026, 5:27 PM IST