
खाद की काला बाजारी पर डीएम का बड़ा एक्शन (डाइनामाइट न्यूज)
Etah: किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने और उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी तथा ओवररेटिंग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी अरविंद सिंह के निर्देश पर जिले की तीनों तहसीलों में संयुक्त टीमों ने उर्वरक प्रतिष्ठानों पर सघन छापेमारी और निरीक्षण अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उर्वरक विक्रेताओं के स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, मूल्य सूची और अन्य आवश्यक अभिलेखों की बारीकी से जांच की। अभियान के दौरान दो उर्वरक नमूने जांच के लिए लिए गए, जबकि एक विक्रेता के अभिलेखों में अनियमितता मिलने पर उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
उर्वरक दुकानों पर छापेमारी (डाइनामाइट न्यूज)
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी, खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी कि दोषी पाए जाने पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, आवश्यक वस्तु अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर प्रशासन सख्त (डाइनामाइट न्यूज)
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने कहा कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है तथा यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि यदि कहीं खाद की कालाबाजारी, ओवररेटिंग या जमाखोरी की शिकायत मिले तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
Location : Etah
Published : 2 July 2026, 6:32 PM IST
Topics : etah news Fertilizer black marketing Fertilizer Inspection Fertilizer Raid Etah uttar pradesh