गोरखपुर से रोजी रोटी कमाने गया था युवक, UAE में हुई संदिग्ध मौत, शव लाने के लिए सरकारी सिस्टम बन रहा जंजाल

दुबई में रोजी-रोटी कमाने गए गोरखपुर के युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बांसगांव संसदीय क्षेत्र के नौवाडीह बुजुर्ग गांव निवासी दुर्गेश यादव की UAE में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विदेश से आई इस मनहूस खबर ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया, वहीं अब परिवार ने शव को भारत लाने के लिए सरकार से मदद की गुहार लगाई है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 17 August 2026, 11:39 PM IST

Gorakhpur: बांसगांव संसदीय क्षेत्र के नौवाडीह बुजुर्ग गांव निवासी दुर्गेश यादव पुत्र राजमंगल यादव की संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में मौत हो गई। रोजगार के सिलसिले में दुबई के अजीजी गार्डेनिया में रह रहे दुर्गेश के निधन की सूचना 13 अगस्त को दूरभाष के माध्यम से परिजनों को मिली। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

पति की मौत की खबर से पत्नी सोनी यादव समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती दुर्गेश का पार्थिव शरीर दुबई से भारत लाकर पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कराने की है। विदेश से शव लाने की जटिल प्रक्रिया और औपचारिकताओं को लेकर परिजन परेशान हैं और जल्द सरकारी मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 18 IAS अफसरों का तबादला, गोरखपुर-महराजगंज समेत इन जिलों में बदले संयुक्त मजिस्ट्रेट

सांसद ने की पहल

परिजनों की पीड़ा को देखते हुए ग्रामीण विकास राज्य मंत्री एवं बांसगांव सांसद कमलेश पासवान ने मामले में तत्काल पहल की है। उन्होंने 16 अगस्त 2026 को केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र भेजकर दुर्गेश यादव के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है।

केंद्रीय मंत्री ने पत्र के माध्यम से मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया, ताकि शोकाकुल परिवार को अपने प्रियजन का अंतिम दर्शन और पैतृक गांव में अंतिम संस्कार करने का अवसर मिल सके। दुर्गेश की मौत से नौवाडीह बुजुर्ग गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन लगातार सरकारी स्तर पर होने वाली कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

होटल या कुछ और? गोरखपुर में किशोरियों के इस्तेमाल का गंभीर आरोप, शिकायत पहुंची तो प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला

परिवार ने की ये मांग

परिवार की मांग है कि विदेश मंत्रालय और संबंधित एजेंसियां मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर दुर्गेश का पार्थिव शरीर भारत लाने की व्यवस्था करें, ताकि नम आंखों से परिजन उन्हें अंतिम विदाई दे सकें।

Location :  Gorakhpur

Published :  17 August 2026, 11:01 PM IST