लड़की की वजह से उठाया ऐसा खौफनाक कदम, एक साथ दो घर हुए तबाह, पढ़ें गाजियाबाद फैक्ट्री हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा

गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी की रेडीमेड गारमेंट्स फैक्ट्री में कर्मचारी अनवेश की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महिला कर्मचारी से नजदीकी को लेकर सहकर्मी सर्वेश उससे रंजिश रखने लगा था। मौका मिलते ही उसने कपड़े काटने वाली कैंची से अनवेश पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 12 August 2026, 11:41 AM IST

Ghaziabad: गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी में एक रेडीमेड गारमेंट्स फैक्ट्री के अंदर हुई कर्मचारी की हत्या ने सनसनी फैला दी। काम के बीच शुरू हुई रंजिश इतनी बढ़ गई कि एक कर्मचारी ने दूसरे की जान ले ली। पुलिस ने बताया कि महिला कर्मचारी से नजदीकी को लेकर आरोपी सर्वेश दर्जी और अनवेश के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी ने मौका मिलते ही कैंची से अनवेश के सिर और गले पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल कैंची भी बरामद कर ली है।

महिला कर्मचारी को लेकर बढ़ती गई दुश्मनी

पुलिस पूछताछ में सर्वेश ने बताया कि वह करीब चार साल से फैक्ट्री में काम कर रहा था। अनवेश भी लंबे समय से वहां काम करता था और कर्मचारियों को काम बांटने की जिम्मेदारी संभालता था। इसी दौरान फैक्ट्री में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी से सर्वेश की नजदीकी बढ़ गई।

आरोप है कि जब भी वह महिला सर्वेश के पास खड़ी होती, अनवेश उसे वहां से हटा देता था। सर्वेश का कहना है कि कई बार अनवेश ने दूसरे कर्मचारियों के सामने उसकी बेइज्जती भी की। इससे उसके मन में अनवेश के खिलाफ गुस्सा लगातार बढ़ता गया। आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि फैक्ट्री मालिक भी अनवेश का पक्ष लेते थे, जिससे उसकी नाराजगी और बढ़ गई।

कटिंग सेक्शन में अकेला मिला अनवेश

10 अगस्त को सर्वेश ने कथित तौर पर अनवेश पर हमला करने का मौका तलाशा। जब अनवेश कटिंग सेक्शन में अकेला मिला तो सर्वेश ने वहां रखी कपड़ा काटने वाली कैंची उठा ली। इसके बाद उसने अनवेश के सिर और गले पर लगातार कई वार कर दिए। हमले में अनवेश गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस दौरान सर्वेश की अपनी उंगली भी कट गई थी।

वारदात के बाद झाड़ियों में फेंकी कैंची

हत्या के बाद आरोपी कैंची लेकर फैक्ट्री से बाहर निकल गया। कुछ दूर जाने के बाद उसने हथियार झाड़ियों में फेंक दिया और फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद अनवेश के भाई की शिकायत पर ट्रोनिका सिटी थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आरोपी सर्वेश की तलाश की और उसे हनुमान चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल कैंची बरामद कर ली गई। पुलिस आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। उसे कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

Location :  Ghaziabad

Published :  12 August 2026, 11:40 AM IST