भूमि विवाद में लापरवाही पर कौशांबी डीएम का बड़ा एक्शन, राजस्व निरीक्षक निलंबित करने के निर्देश

जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने जुनैदपुर में भूमि विवादों के निस्तारण का स्थलीय सत्यापन किया। लापरवाही मिलने पर राजस्व निरीक्षक को निलंबित करने के निर्देश दिए और अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 20 April 2026, 9:03 PM IST

Kaushambi: जमीन विवादों में लापरवाही अब भारी पड़ने लगी है। शिकायतें लंबित रहने और मौके पर समाधान न होने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए सीधे कार्रवाई का आदेश दे दिया। गांव में लगे कैंप के दौरान जब हकीकत सामने आई, तो जिम्मेदार अधिकारी पर गाज गिरते देर नहीं लगी।

जुनैदपुर में डीएम का स्थलीय निरीक्षण

जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने “टॉप-10 भूमि विवादों का मौके पर समाधान” अभियान के तहत ग्राम जुनैदपुर में आयोजित कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भूमि विवादों के निस्तारण की स्थिति का मौके पर जाकर सत्यापन किया और अधिकारियों से जवाब-तलब किया।

अतिक्रमण पर सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान गाटा संख्या 125, जो खतौनी में चकमार्ग के नाम से दर्ज है, पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को तत्काल मौके पर जाकर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि सार्वजनिक रास्तों पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कौशांबी डीएम ने उच्च प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

शिकायतों को गंभीरता से लेने की हिदायत

डीएम ने उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन और आम जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर भेजा जाए, ताकि विवादों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान हो सके।

लापरवाही पर गिरी गाज

निरीक्षण के दौरान जब शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही सामने आई, तो जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित राजस्व निरीक्षक को निलंबित करने के निर्देश दे दिए। इस कार्रवाई से साफ संकेत गया है कि अब काम में ढिलाई करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

संयुक्त टीम से होगा समाधान

डीएम ने स्पष्ट किया कि भूमि विवाद जैसे संवेदनशील मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग को मिलकर काम करना होगा। संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाकर विवादों को सुलझाने पर जोर दिया गया।

Location :  Kaushambi

Published :  20 April 2026, 9:03 PM IST