हिंदी
डीएम का बड़ा एक्शन
महराजगंज: जनशिकायत निस्तारण प्रणाली आइजीआरएस में लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सख्त प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए राजस्व लिपिक दशरथ प्रसाद को निलंबित कर दिया है। समय से प्रकरण अपलोड न किए जाने के कारण जिले की रैंकिंग पर प्रतिकूल असर पड़ा, जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।
क्या है पूरी खबर?
मिली जानकारी के अनुसार जनवरी माह में कुल 10 शिकायतों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया, जिससे सभी प्रकरण डिफाल्टर श्रेणी में चले गए। इसका सीधा असर आइजीआरएस रैंकिंग पर पड़ा और महराजगंज जनपद जनवरी माह में 29वें स्थान पर पहुंच गया। इससे पूर्व दिसंबर माह में भी एक प्रकरण में देरी सामने आई थी। जिलाधिकारी ने शासकीय कार्यों में घोर लापरवाही मानते हुए उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक नियमावली, 1999 के अंतर्गत राजस्व लिपिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर नौतनवा तहसील से संबद्ध कर दिया है।
शिकायतों की जांच
इसके साथ ही पर्यवेक्षणीय स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर एसडीएम निचलौल एवं तहसीलदार निचलौल को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आइजीआरएस शिकायतों की जांच आख्या हर हाल में समयबद्ध ढंग से पोर्टल पर अपलोड की जाए।
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई
इस प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने के लिए एक विस्तृत चेकलिस्ट भी जारी की गई है, जिससे भविष्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ संकेत मिला है कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Location : Maharajganj
Published : 11 February 2026, 6:21 PM IST
Topics : DM IGRS Maharajganj Suspends