Balrampur: चिलचिलाती धूप में पैदल चले डीएम,नदी कटान रोकने के लिए ₹220 लाख का बड़ा दांव

बलरामपुर के जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने हरैया तहसील में राप्ती नदी के तट पर चल रहे 220.53 लाख रुपये के कटान निरोधक कार्यों का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने चिलचिलाती धूप में पैदल चलकर जिओ बैग पिचिंग की गुणवत्ता जांची और मानसून से पहले काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। पूरी ग्राउंड रिपोर्ट यहां पढ़ें।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 16 April 2026, 6:09 AM IST

Balrampur: मानसून की दस्तक से पहले राप्ती नदी के उग्र होने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने गुरुवार को हरैया तहसील के अंतर्गत राप्ती नदी के बाएं तट पर स्थित ग्राम चौककला और मधवापुर का औचक निरीक्षण किया।

भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप की परवाह किए बिना डीएम धूल भरे रास्तों पर करीब आधे घंटे तक पैदल चले। उन्होंने मौके पर हो रहे जिओ बैग की पिचिंग और एप्रन कार्यों का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों से तकनीकी पहलुओं पर जवाब-तलब किया।

400 मीटर के दायरे में बनाई जा रही 'सुरक्षा दीवार'

निरीक्षण के दौरान बाढ़ खंड के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि नदी के कटान को रोकने के लिए 220.53 लाख रुपये की लागत से परियोजना पर काम चल रहा है।

  • तकनीक: 400 मीटर की परिधि में जिओ बैग के माध्यम से लॉन्चिंग एप्रन और स्लोप पिचिंग की जा रही है।

  • फायदा: यह आधुनिक तकनीक नदी की धारा के सीधे प्रहार को कम करेगी, जिससे गांव की आबादी और किसानों की उपजाऊ भूमि सुरक्षित रह सकेगी।

Farrukhabad: कमालगंज CHC में एंबुलेंस घोटाला; फर्जी ID और अवैध वसूली का बड़ा खुलासा

डीएम के कड़े तेवर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी का सख्त रुख देखने को मिला। उन्होंने पत्थरों और जिओ बैग की गुणवत्ता को खुद परखा। कार्यदायी संस्था और अधिकारियों को चेतावनी देते हुए डीएम ने स्पष्ट किया कि मानसून आने से पहले सभी कार्य पूर्ण हो जाने चाहिए।

"बारिश शुरू होने के बाद काम करने का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। यदि गुणवत्ता और मानकों में जरा भी अनदेखी मिली, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।" - डॉ. विपिन कुमार जैन, डीएम

Farrukhabad: अहमदाबाद से मौत बुला लाई घर! शादी की रस्मों के लिए आए सचिन के साथ सड़क पर क्या हुआ? वो 20 मिनट जिसमें सब खत्म हो गया

ग्रामीणों के बीच पहुंचे जिलाधिकारी; 24 घंटे मॉनिटरिंग के निर्देश

निरीक्षण के बाद डीएम सीधे चौककला के ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने नदी के बदलते रुख को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर कीं, जिस पर डीएम ने उन्हें प्रशासन की ओर से पूरी सुरक्षा का भरोसा दिया।

जिलाधिकारी ने आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थलों की चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। इस दौरान खंड विकास अधिकारी हरैया सहित राजस्व और विकास विभाग के तमाम अधिकारी उपस्थित रहे।

Location :  Balrampur

Published :  16 April 2026, 6:09 AM IST