Hathras: छात्रों के लिए DM अतुल वत्स का बड़ा फैसला, रात 10 बजे तक खुलेगा जिला पुस्तकालय, जानिए क्या-क्या हुए बदलाव

हाथरस के रमनपुर स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय अब पहले से अधिक समय तक संचालित होगा। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुस्तकालय का संचालन समय बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इस फैसले से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हजारों विद्यार्थियों, खासकर नौकरीपेशा युवाओं को बड़ी राहत मिलेगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 August 2026, 6:02 PM IST

Hathras: जिलाधिकारी अतुल वत्स ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राजकीय जिला पुस्तकालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं से सीधे बातचीत की। इस दौरान छात्रों से पढ़ाई के दौरान आने वाली समस्याओं, उपलब्ध सुविधाओं और उनकी जरूरतों के बारे में जानकारी ली गई। डीएम ने अधिकारियों को विद्यार्थियों की समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पुस्तकालय का संचालन समय बढ़ाने का निर्णय लिया है। अभी तक पुस्तकालय करीब आठ घंटे खुलता था, लेकिन अब इसे 16 घंटे तक और रात 10 बजे तक संचालित करने की तैयारी की जा रही है। इसका सबसे अधिक लाभ उन युवाओं को मिलेगा जो दिन में नौकरी, व्यवसाय या अन्य कार्य करते हैं। ऐसे अभ्यर्थी अब शाम के समय पुस्तकालय में बैठकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।

विद्यार्थियों के सुझाव से बढ़ेंगी सुविधाएं

डीएम अतुल वत्स ने कहा कि पुस्तकालय का विकास विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने छात्रों से अपनी मांगों और सुझावों की सूची तैयार कर पुस्तकालय अध्यक्ष को देने के लिए कहा, ताकि आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जा सके।उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन विद्यार्थियों की सुविधा को केंद्र में रखकर पुस्तकालय का विकास करेगा।

यह भी पढ़ें: Hathras: खेत में पानी के विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, दम्पति पर हमला, फायरिंग का भी आरोप

हाई-स्पीड वाई-फाई और नए फर्नीचर की तैयारी

पुस्तकालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की भी योजना बनाई गई है। यहां हाई-स्पीड वाई-फाई, नए फर्नीचर और बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए सरकारी संसाधनों के साथ कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड का भी उपयोग करने की योजना है।

छुट्टियों में भी खुला रहेगा पुस्तकालय

विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए डीएम ने सार्वजनिक अवकाश और अन्य छुट्टियों के दौरान भी पुस्तकालय का कम से कम एक हॉल खुला रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुस्तकालय तक पहुंचने वाले खराब एक्सेस रोड को जल्द ठीक कराने के भी निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें: Hathras: संपूर्ण समाधान दिवस में अचानक पहुंचीं मंडलायुक्त, स्टॉलों का निरीक्षण करते ही अधिकारियों को दिए ये सख्त निर्देश

सरकारी पुस्तकालय को बनाया जाएगा बेहतर विकल्प

हाल के दिनों में निजी लाइब्रेरी और कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा को लेकर हुई प्रशासनिक कार्रवाई के बीच जिला प्रशासन सरकारी पुस्तकालय को सुरक्षित, आधुनिक और सुविधाजनक अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दे रहा है।

डीएम अतुल वत्स ने कहा कि यदि प्रशासन निजी संस्थानों पर कार्रवाई करता है तो उसकी जिम्मेदारी है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर सरकारी विकल्प भी उपलब्ध कराए जाएं। इसी उद्देश्य से पुस्तकालय के समय और सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

Location :  Hathras

Published :  7 August 2026, 6:02 PM IST