
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- Pinterest)
Banda: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसने न सिर्फ रिश्तों को शर्मसार किया है, बल्कि खाकी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बांदा के बदौसा थाना परिसर में 10 जून को एक पिता ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी शिवानी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। थाना परिसर, जिसे कानून व्यवस्था का सबसे सुरक्षित ठिकाना माना जाता है, वहां हुई इस वारदात ने पुलिस प्रशासन को हिलाकर रख दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है और केस की विवेचना दूसरे थाने में ट्रांसफर कर दी गई है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बदौसा थाना परिसर में घटना का सीन रिक्रिएशन कराया। सीन रिक्रिएशन में जो सच सामने आया, वह हैरान करने वाला था। वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले आरोपी पिता सत्यकुमार अपनी बेटी शिवानी के पांव छूता है और गिड़गिड़ाते हुए मिन्नत करता है कि वह प्रेम विवाह का यह रिश्ता तोड़ दे।
एक तरफ पिता रिश्ता तोड़ने की भीख मांग रहा था, तो दूसरी तरफ बेटी शिवानी हाथ जोड़कर अपने पति ललित के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही। थाने में मौजूद पुलिसकर्मी इस पूरे दृश्य को देख रहे थे। भावुक ड्रामा चलता देख पुलिस वाले दोनों को थाने के बरामदे में छोड़ कुछ दूरी पर जाकर खड़े हो गए। पुलिस की यही ढिलाई भारी पड़ गई। जैसे ही पुलिसकर्मी दूर हटे, 20 सेकंड के भीतर पिता ने छिपे हुए चाकू से शिवानी पर ताबड़तोड़ पांच वार कर दिए। शिवानी की चीख सुनकर जब तक पुलिस दौड़कर मौके पर पहुंची, तब तक वह लहूलुहान होकर दम तोड़ चुकी थी।
Banda Murder: बांदा से सामने आई मां की हैरान कर देने वाली करतूत, पुलिस ने किया गिरफ्तार
अतर्रा सीओ प्रतिज्ञा सिंह के मुताबिक, बरहा इंद्रा कॉलोनी की रहने वाली शिवानी ने अपने पड़ोसी अनुसूचित जाति के युवक ललित से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों घर से चले गए थे, जिन्हें पुलिस 24 दिन बाद मध्य प्रदेश से ढूंढकर बदौसा थाने लाई थी। बीते शुक्रवार को जब शिवानी के माता-पिता उससे मिलने थाने पहुंचे, तो पिता सत्यकुमार ने उसे समझाने का आखिरी प्रयास किया था। जब शिवानी अपनी जिद से टस से मस नहीं हुई, तो पिता ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला।
मृतका की मां रन्नो ने बताया कि बेटी के कदम उठाने के बाद से ही पिता सत्यकुमार आग-बबूला था और अत्यधिक शराब पीने लगा था। वह लगातार शिवानी को 'सबक सिखाने' की बात करता था। वारदात के लिए उसने बीते वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान मिले एक चाकू का इस्तेमाल किया, जिसे वह अपने साथ छिपाकर लाया था। मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
इस घटना ने उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली और सतर्कता की पोल खोलकर रख दी है। वरिष्ठ अधिवक्ता अवधेश तिवारी ने 'उत्तर प्रदेश पुलिस विनियम' का हवाला देते हुए बताया कि नियमानुसार, थाने में किसी भी व्यक्ति या आरोपी से मिलने आने वालों की कड़ी तलाशी ली जाती है ताकि कोई भी प्रतिबंधित वस्तु या हथियार अंदर न जा सके। वकीलों का स्पष्ट मानना है कि अगर बदौसा पुलिस ने नियमों का पालन करते हुए पिता की तलाशी ली होती, तो यह जघन्य हत्याकांड कभी नहीं होता।
सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने की कोशिश, बांदा पुलिस ने उठाया बड़ा कदम, जानिए क्या है खास?
थाने के भीतर हुई इस सुरक्षा चूक को लेकर पुलिस अधीक्षक (SP) पलाश बंसल ने कड़ी कार्रवाई की है। सीओ सदर की शुरुआती जांच रिपोर्ट के आधार पर लापरवाही बरतने के आरोप में बदौसा थानाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह, दिवस अधिकारी उपनिरीक्षक सुरेंद्र मिश्रा और महिला आरक्षी राखी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। रिपोर्ट में स्पष्ट कहा गया है कि इन पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी के दौरान अपेक्षित सतर्कता नहीं बरती और युवती की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए। इसके साथ ही एसपी ने नगर क्षेत्राधिकारी सौरभ सिंह को मामले की विस्तृत विभागीय जांच सौंपकर 7 दिन में रिपोर्ट तलब की है।
बदौसा थाना पुलिस की घोर लापरवाही के बाद निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए इस हत्याकांड की विवेचना (जांच) को बदौसा थाने से हटा दिया गया है। एसपी पलाश बंसल के आदेश पर अब इस मामले की कमान फतेहगंज थाना प्रभारी राजेश वर्मा को सौंपी गई है।
भले ही हत्यारोपी पिता जेल जा चुका है, लेकिन पीड़ित प्रेमी ललित का परिवार अब भी गहरे खौफ में जी रहा है। ललित की मां मीरा ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि जो पिता थाने के भीतर अपनी बेटी को मार सकता है, वह जेल से बाहर आने के बाद उन्हें भी नहीं बख्शेगा। डर के कारण ललित और उसका परिवार इंद्रानगर का अपना घर छोड़कर नई बाजार मुहल्ले की एक संकरी गली वाले मकान में छिपकर रहने को मजबूर है। हालांकि, खतरे को देखते हुए पीड़ित परिवार की सुरक्षा में दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और ललित के पुराने घर के बाहर भी पुलिस का कड़ा पहरा है।
Location : Banda
Published : 26 June 2026, 12:38 PM IST