हिंदी
मैनपुरी में डिंपल यादव
Mainpuri: मैनपुरी में आयोजित दिशा समिति की बैठक में पहुंचीं Dimple Yadav ने भारतीय जनता पार्टी और योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। स्मार्ट मीटर, बिजली संकट, SIR, बुलडोजर कार्रवाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा लोगों का ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए डिंपल यादव ने कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।
डिंपल यादव ने कहा कि दिशा समिति की बैठक में स्मार्ट मीटर को लेकर कई शिकायतें सामने आईं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं का आरोप है कि जितनी बिजली का इस्तेमाल नहीं हो रहा, उससे कहीं ज्यादा बिल भेजे जा रहे हैं। सपा सांसद ने कहा कि आम जनता पहले ही महंगाई और बिजली संकट से परेशान है, ऐसे में बढ़े हुए बिल लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रहे हैं।
सपा सांसद ने SIR को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चारों विधानसभा क्षेत्रों में 20 से 21 हजार तक डुप्लीकेट वोटर पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि आखिर इन डुप्लीकेट वोटरों को कैसे हटाया जाए और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए।
लापरवाही पर बरसीं Dimple Yadav, मैनपुरी में अधिकारियों को सख्त चेतावनी
पश्चिम बंगाल में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा जब भी सत्ता में आती है तो इसी तरह का माहौल बनाती है। उन्होंने कहा कि जब-जब भारतीय जनता पार्टी आती है, तब-तब इसी तरह का विध्वंस फैलता है। पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतें बढ़ रही हैं। जनता परेशान है और लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा इस तरह के मुद्दे उठाती है।
डिंपल यादव ने कहा कि देश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं और सबसे ज्यादा मामले भाजपा सरकार में हुए हैं। उन्होंने कहा कि युवा लगातार निराश हो रहे हैं और कई छात्र आत्महत्या तक कर रहे हैं, लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि NEET का पेपर लीक हुआ, लगातार पेपर लीक हो रहे हैं। बच्चों का भविष्य बर्बाद हो रहा है लेकिन सरकार कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है।
सपा सांसद ने कहा कि पहले अगर किसी मंत्रालय पर सवाल उठते थे तो संबंधित मंत्री इस्तीफा दे दिया करते थे, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि आज कोई भी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है और सरकार हर मुद्दे से बचने की कोशिश करती है।
यक्ष एप से खुला मैनपुरी में चोरी गिरोह का राज, पुलिस ने चार चोरों को तमंचा और नकदी सहित दबोचा
मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के “सड़कों पर नमाज” वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डिंपल यादव ने कहा कि यह भाजपा की पुरानी भाषा शैली है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ वोट के लिए इस्तेमाल की जाने वाली भाषा है। चुनाव आते ही इस तरह की बातें और बढ़ जाएंगी। भाजपा नेगेटिविटी फैलाकर वोट लेना चाहती है।
डिंपल यादव ने प्रदेश में बिजली संकट को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों में रात-रात भर बिजली नहीं आ रही, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और आम लोग परेशान हैं।
सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे “कॉकरोच जनता पार्टी” को लेकर पूछे गए सवाल पर डिंपल यादव ने कहा कि सरकार आलोचना से घबरा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने युवाओं की आवाज दबाने के लिए सोशल मीडिया अकाउंट तक ब्लॉक कर दिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई युवा सोशल मीडिया पर अपनी बात रखना चाहता है तो उसे भी रोका जा रहा है। डिंपल यादव ने कहा कि मैं उन युवाओं को बधाई देना चाहती हूं जो प्रखरता के साथ अपनी बात रख रहे हैं। जागरूकता बढ़ रही है और युवा देश के हालात समझ रहे हैं।
मैनपुरी में दबंगों का दबदबा: घर के अंदर जबरन नाली निकालने पर परिवार को मिली जान से मारने की धमकी!
सपा और कांग्रेस के आगामी विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर लड़ने की चर्चाओं पर डिंपल यादव ने कहा कि इस पर फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि गठबंधन है तो उसी के हिसाब से आगे बढ़ा जाएगा।
डिंपल यादव ने बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आम लोग ईंधन के लिए परेशान हैं जबकि सरकार बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता भाजपा को इसका जवाब देगी।
Location : Mainpuri
Published : 23 May 2026, 6:06 PM IST