राम का चंदा लूटने वाले अब कृष्ण का चंदा लूटने की तैयारी में’, डिंपल यादव का BJP पर बड़ा हमला

मैनपुरी में सपा सांसद डिंपल यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। राम मंदिर के चंदे, अयोध्या में जमीन खरीद-फरोख्त, मथुरा की राजनीति और 'राधे-राधे' नारे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राम का चंदा लूटने वाले अब कृष्ण का चंदा लूटने की तैयारी में हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 November 2026, 3:43 PM IST

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद के करहल विधानसभा स्थित गांव जुगुपुर में एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंची सपा सांसद डिंपल यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम में सपा सांसद डिंपल यादव के साथ उनकी बेटी अदिति यादव भी दिखाई दी और उनके साथ करहल विधानसभा क्षेत्र से विधायक तेज प्रताप यादव भी मौजूद रहे, सपा सांसद डिंपल यादव का समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी ने जोरदार स्वागत किया तो वहीं, पत्रकारों से बात करते हुए सपा सांसद डिंपल यादव ने कई बड़े बयान दिए

राम का चंदा लूटने वाले अब कृष्ण का चंदा लूटने की तैयारी में

मैनपुरी के बरनाहल में सपा नेता और पूर्व ब्लाक प्रमुख राजेंद्र सिंह यादव की बेटी के शादी समारोह में शामिल होने पहुंचीं सपा सांसद डिंपल यादव ने कई राजनीतिक मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। राहुल गांधी के फोन टैपिंग मामले से लेकर चुनाव आयोग, एसआईआर, मथुरा की राजनीति, राम मंदिर के चंदे, बेरोजगारी और स्वास्थ्य सेवाओं तक पर सरकार को निशाने पर लिया। राहुल गांधी के फोन टैपिंग से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि फोन टैपिंग का मामला नया नहीं है। इससे पहले भी इस तरह की टैपिंग हुई है और मामले संसद तक में उठ चुके हैं। भाजपा में इस तरह की कार्रवाई कोई नई बात नहीं है।

सपा सांसद डिंपल यादव(Img: Dynamite news)

सीट शेयरिंग का फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा

डिंपल ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त पर लग रहे आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि आयोग के पूरे कार्यालय पर सवाल उठे हैं, लेकिन सरकार ने क्या कार्रवाई की? सरकार कोई कार्रवाई करने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के बाद भी अब वोटों की गिनती और डिलीटिंग का काम चल रहा है। अब पंचायती चुनाव की मतदाता सूची से तुलना करने की बात कही जा रही है। आखिर देश में हो क्या रहा है? सरकार देश के संसाधनों को क्यों बेकार कर रही है और उन पर पानी की तरह पैसा क्यों बहाया जा रहा है? यह अपने आप में सरकार पर बड़ा सवाल है।

गठबंधन और सीट शेयरिंग के सवाल पर डिंपल ने कहा कि यह फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष पहले ही कह चुके हैं कि 2027 का चुनाव जीतना है। समाजवादी पार्टी ने मजबूती के साथ ग्राउंड लेवल पर काम शुरू कर दिया है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि गठबंधन चुनाव जीतेगा।

पत्रकारों से बात करते हुए सपा सांसद डिंपल यादव(Img: Dynamite news)

अगर अर्थव्यवस्था कमजोर नहीं है तो बैंकों को क्यों बेचा जा रहा?

राहुल गांधी के भारतीय अर्थव्यवस्था को डेड बताने वाले बयान पर भी डिंपल ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अगर देश की अर्थव्यवस्था कमजोर नहीं है तो बैंकों को क्यों बेचा जा रहा है? बैंकों के शेयर क्यों बेचे जा रहे हैं और देश में निजीकरण क्यों बढ़ रहा है? सरकारी नौकरियों में कटौती क्यों की जा रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास राजस्व पैदा करने की क्षमता नहीं है, इसलिए सरकारी नौकरियां और पेंशन देने में भी मुश्किल हो रही है।

पेपर लीक जानबूझकर कराए जा रहे हैं। सरकार के पास सरकारी कर्मचारियों को वेतन देने और पेंशन देने के लिए पर्याप्त राजस्व नहीं है। उन्होंने शिक्षामित्रों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज भी शिक्षामित्र अपनी मांगों को लेकर भटक रहे हैं। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह युवाओं को नौकरी दे और लोगों को पेंशन उपलब्ध कराए। विरोधियों के बयानों पर उन्होंने कहा कि अभी तो उन्होंने बोलना शुरू किया है, आगे बहुत सी बातें सामने आएंगी।

ये भी पढ़ें: Up Top 10 News: अखिलेश के रोड शो से लेकर योगी आदित्यनाथ के बड़े दावे तक, देखिये यूपी की 10 बड़ी खबरें

कमल मुरझा रहा है, इसलिए राधा मां का नाम लिया जा रहा है

मथुरा की राजनीति पर भाजपा के 'राधे-राधे' नारे को लेकर डिंपल ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा का कमल मुरझा रहा है, इसलिए फूल खिलाने के लिए अब राधा मां का नाम लिया जा रहा है। उन्होंने अयोध्या में जमीनों की खरीद-फरोख्त और राम मंदिर के चंदे में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रमाण होने के बावजूद संबंधित लोगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।

सवाल उठाते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का चंदा लूटने वाले अब वृंदावन और मथुरा जाकर क्या भगवान कृष्ण का चंदा लूटने की तैयारी कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर वोट मांगती है और धार्मिक भावनाओं के साथ खेलती है, लेकिन जनता और युवा अब जागरूक हो चुके हैं। लोग समझने लगे हैं कि धर्म के नाम पर राजनीति कैसे की जा रही है।

ये भी पढ़ें: UP Assembly election 2027: योगी के गढ़ गोरखपुर में सपा की हुंकार, बोले- फिर आएगी अखिलेश सरकार

प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार को लेकर भी सपा सांसद ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज का युवा भटक रहा है। परिवार का एक सदस्य भी बीमार पड़ जाए तो सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ जाती है। सरकारी अस्पताल क्या इतने सक्षम हैं कि लोगों को बेहतर इलाज दे सकें? उन्होंने सवाल किया कि प्रदेश और देश के हर जिले में बड़ी संख्या में निजी अस्पताल क्यों खुल रहे हैं? यदि आंकड़ों का आकलन किया जाए तो हर जिले में कई निजी अस्पताल सामने आएंगे। इसकी वजह सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर न होना है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय उसे खत्म और कमजोर करने का प्रयास कर रही है।

Location :  mainpuri

Published :  18 November 2026, 3:43 PM IST