हिंदी
जनगणना का डिजिटल मॉडल
Kannauj : तिर्वा में आगामी जनगणना को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। सरकार के निर्देश मिलते ही तैयारियां तेज कर दी गई हैं और अब पहले चरण का काम भी शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में गुरुवार को अधिकारियों ने कर्मचारियों को खास ट्रेनिंग देकर साफ कर दिया कि इस बार जनगणना का काम पूरी तरह डिजिटल और बेहद जिम्मेदारी के साथ किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को बताया गया कि इस बार जनगणना का तरीका पहले से अलग और ज्यादा आधुनिक होगा। पूरा डेटा मोबाइल ऐप के माध्यम से फीड किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और सटीकता दोनों बनी रहे।
पहले चरण में मकानों की गिनती की जाएगी, यानी क्षेत्र में कितने घर हैं, इसकी पूरी जानकारी जुटाई जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण में हर घर के मालिक का नाम, परिवार के सदस्यों की संख्या और अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज की जाएंगी।
जनगणना के इस अभियान में केवल संख्या ही नहीं, बल्कि लोगों के जीवन स्तर से जुड़ी अहम जानकारियां भी जुटाई जाएंगी। अधिकारियों ने बताया कि हर घर में जाकर बिजली, पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।
इसके अलावा परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य, दवाओं और अन्य सामाजिक पहलुओं से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे। कुल मिलाकर 33 प्रकार के सवालों के जवाब घर के मुखिया से लेकर मोबाइल ऐप में दर्ज किए जाएंगे, जिससे एक विस्तृत और सटीक डेटा तैयार हो सके।
प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम राजेश कुमार ने कर्मचारियों को साफ शब्दों में निर्देश दिए कि जनगणना जैसे अहम कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर कर्मचारी को पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ काम करना होगा।
कन्नौज में शिक्षिका की डांट से आहत छात्रा ने उठाया ये कदम, गांव में आक्रोश
वहीं तहसीलदार अवनीश कुमार ने भी दोहराया कि सभी कर्मचारियों को घर-घर जाकर सही जानकारी जुटानी होगी। अगर कोई कर्मचारी काम में ढिलाई करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Kannauj
Published : 16 April 2026, 4:49 PM IST