नोटिस के बावजूद नहीं हटाया अतिक्रमण, फिर प्रशासन ने उठाया ये कदम… पढें पूरी खबर

मुजफ्फरनगर में शुक्रवार रात पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने सिटी जोन में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। पहले दी गई चेतावनियों के बावजूद दुकान सीमा से बाहर रखे सामान को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर जब्त किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यातायात सुगम बनाने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 28 February 2026, 12:48 AM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शुक्रवार देर रात पुलिस प्रशासन और नगर पालिका की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। अचानक शुरू हुई कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

नगर पालिका की टीम ने दुकानों के बाहर सड़क पर रखे स्टूल, कुर्सियां और अन्य सामान को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर जब्त कर लिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान को अंजाम दिया गया, जिससे किसी प्रकार का विरोध या व्यवधान उत्पन्न न हो सके। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से की गई है।

पहले दी गई थी चेतावनी और नोटिस

पुलिस प्रशासन के अनुसार, पिछले कई दिनों से दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी जा रही थी। करीब 15 दिन पहले भी अभियान चलाकर सभी व्यापारियों से अपील की गई थी कि वे अपनी दुकान की निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यवसाय करें।

Raebareli News: आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, होली से पहले इस अवैध कारोबार पर लगा प्रतिबंध…

दुकानदारों को विधिवत नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कुछ व्यापारी सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण करते रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बार-बार समझाने के बाद भी नियमों का पालन न करने पर कार्रवाई करना आवश्यक हो गया था। अधिकारियों का कहना है कि कुछ दुकानदारों ने निर्देशों का पालन किया, लेकिन जो नियमों की अनदेखी कर रहे थे, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।

एसपी सिटी के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई

अभियान का नेतृत्व एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने किया। उनके साथ एएसपी सिटी, एसएचओ सिविल लाइन, एसएचओ खालापार और एसएचओ कोतवाली नगर मौजूद रहे। नगर पालिका के राजस्व निरीक्षक (आरआई) भी टीम का हिस्सा थे।

एसपी सिटी ने बताया कि दिन में भी अभियान चलाया गया था और शाम को पुनः सिटी जोन में विशेष कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर नगर पालिका द्वारा सीजर की कार्रवाई की गई है और जब्त सामान को नगर पालिका परिसर में रखा गया है। अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और पुलिस बल लगातार बाजार क्षेत्र में गश्त करता रहा।

आगरा में STF का बड़ा एक्शन: रणदीप भाटी और अमित कसाना गैंग का शूटर एनकाउंटर में ढेर होने से बचा! हिमांशु भाऊ गैंग से भी लिंक

प्रमुख चौराहों पर 100 मीटर तक हटाया गया अतिक्रमण

प्रशासन ने बताया कि यह कार्रवाई झांसी की रानी क्षेत्र के आसपास, शिवचौक से मीनाक्षी चौक और वहां से चौराहे के चारों ओर लगभग 100 मीटर क्षेत्र में की गई। इन स्थानों पर अक्सर अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता था और जाम की स्थिति बन जाती थी। अधिकारियों ने साफ किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। यदि भविष्य में किसी भी दुकानदार द्वारा सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण किया गया तो उसके खिलाफ पुनः सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का मानना है कि शहर में सुचारू यातायात, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आवश्यक है। देर रात चली इस कार्रवाई ने यह संकेत दे दिया है कि नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Location : 
  • muzaffarnagar

Published : 
  • 28 February 2026, 12:48 AM IST