Deoria: एक पल की चूक और पोखरे में डूबा युवक… जानिए कैसे मातम में बदली सुबह

देवरिया के मदनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दुखद हादसे में 32 वर्षीय युवक की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 August 2026, 12:52 PM IST

Deoria: देवरिया जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बराव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी 32 वर्षीय ज्ञान प्रकाश उर्फ विटन की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, ज्ञान प्रकाश गुरुवार सुबह शौच के लिए घर से निकले थे। गांव के बाहर बगीचे के पास स्थित पोखरे के किनारे वह पानी छू रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गए। आसपास कोई मौजूद न होने के कारण उन्हें समय पर बचाया नहीं जा सका।

पुलिस को दी सूचना

जब काफी समय तक ज्ञान प्रकाश घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने गांव और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद घटना की सूचना मदनपुर थाना पुलिस को दी गई।

पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर निकाला शव

सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक महेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पोखरे में खोजबीन कराई। काफी प्रयास के बाद ज्ञान प्रकाश का शव पोखरे से बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उपनिरीक्षक महेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

परिवार का सहारा थे ज्ञान प्रकाश

ज्ञान प्रकाश पेशे से राजगीर मिस्त्री थे और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि ज्ञान प्रकाश मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे।

गांव में पसरा मातम

इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अंतिम संस्कार की तैयारियां पोस्टमार्टम के बाद की जाएंगी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

 

Location :  Deoria

Published :  6 August 2026, 12:52 PM IST