
बारिश में सरकारी दफ्तरों में भरा पानी
Deoria: मानसून की पहली तेज बारिश ने देवरिया नगर पालिका के विकास कार्यों और जलनिकासी व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी। बारिश के बाद शहर के कई सरकारी कार्यालयों और विभागों के परिसर में जलभराव हो गया, जिससे कर्मचारियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई दफ्तरों के कमरों तक पानी पहुंच गया, जिसके चलते कार्यालयी कार्य भी प्रभावित हुए। बारिश के दौरान देवरिया सदर कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न सरकारी विभागों और कार्यालयों में पानी भर गया।
डाइनामाइट न्यूज़ की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया, जहां कई सरकारी परिसरों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। कार्यालयों में आने वाले लोगों और कर्मचारियों को पानी से होकर गुजरना पड़ा, जिससे कामकाज भी प्रभावित हुआ।
Deoria News: शादी के वादे के पीछे छिपा था धोखा? आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा
बारिश के बाद शहर की कई सड़कें और गलियां पानी से लबालब नजर आईं। जगह-जगह जलभराव के कारण लोगों का आवागमन बाधित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष मानसून से पहले नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में व्यवस्थाओं की पोल खुल गई।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा समय रहते नालों की सफाई नहीं कराई गई। इसके साथ ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था भी नहीं की गई, जिसके कारण बारिश का पानी सड़कों और सरकारी कार्यालयों में भर गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते तैयारी की जाती तो इस स्थिति से बचा जा सकता था।
शहरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल जलभराव की समस्या दूर करने, नालों की सफाई कराने और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी जलनिकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान यही समस्या सामने आती है, लेकिन समाधान नहीं हो पाता।
Deoria News: अवैध मिट्टी खनन मामले में प्रशासन सख्त, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बड़ी कार्रवाई
मानसून की पहली ही बारिश ने नगर पालिका की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन जलभराव की इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हुए क्या कदम उठाता है और शहरवासियों को कब तक राहत मिलती है।
Location : Deoria
Published : 30 June 2026, 3:31 PM IST