देवरिया में थाना मईल और बरहज पुलिस की संयुक्त टीम ने सरिया चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई सरिया की बिक्री से प्राप्त 4.75 लाख रुपये और ट्रक बरामद किया गया है।

देवरिया में सरिया चोरी का खुलासा
Deoria: जनपद में सरिया चोरी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। 5 फरवरी 2026 को वादी मजीद अहमद निवासी बेगम पूर्वा थाना बाबूपुरवा, कमिश्नरेट कानपुर ने थाना मईल में तहरीर देकर बताया कि वह ट्रक संख्या UP 78 CN 5845 के पंजीकृत स्वामी हैं। उनके अनुसार उक्त ट्रक को चालक अजय यादव पुत्र गोविन्द यादव निवासी टिकरगढ़ी थाना दही जनपद उन्नाव चला रहा था, जबकि खलासी कयूम अंसारी पुत्र मुस्तकीम अंसारी निवासी ग्राम जमुई थाना सलेमपुर जनपद देवरिया था। दोनों 1 फरवरी 2026 को पटना से ट्रक पर सरिया लोड़ कर हरदोई और कानपुर के लिए रवाना हुए थे, लेकिन न तो ट्रक और न ही माल गंतव्य पर पहुंचा।
वादी ने जब चालक के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो बताया गया कि वे मईल थाना क्षेत्र के बरेजी पुल के पास हैं। इसके बाद चालक और खलासी ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए और ट्रक को सरिया सहित गायब कर दिया। इस सूचना पर थाना मईल में मु0अ0सं0-25/2026 धारा 316(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
बलरामपुर में गड्ढा बना मौत का अड्डा, बारात से लौटते वक्त पंचायत सहायक की मौत, घर में छाया मातम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना मईल व बरहज पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 6 फरवरी 2026 को कुण्डौली तिराहे के पास से अभियुक्त अजय यादव को गिरफ्तार किया। उसके पास से गबन की गई ट्रक संख्या UP 78 CN 5845 और सरिया की बिक्री से प्राप्त 4,75,000 रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में अजय यादव ने बताया कि उसने खलासी कयूम अंसारी के साथ मिलकर ट्रक पर लदे करीब 25,040 किलो सरिया को रास्ते में बेचने की योजना बनाई थी। दोनों ने बरेजी मोड़ से ट्रक को देवरिया-गोरखपुर होते हुए श्रावस्ती ले जाकर सरिया को 7.50 लाख रुपये में बेच दिया और रकम आपस में बांट ली।
पुलिस के अनुसार बरामद रकम आरोपी के हिस्से की है, जबकि शेष धनराशि और फरार खलासी की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त अजय यादव निवासी टिकरगढ़ी थाना दही जनपद उन्नाव के खिलाफ धारा 316(3) और 317(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।
निर्माण में ढिलाई नहीं…महराजगंज के 15 करोड़ करोड़ प्रोजेक्ट पर DM का सख्त संदेश
इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह (थाना मईल), थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य, महेंद्र यादव, अंकित कुमार, संतोष, धर्मराज सरोज और अविनाश गुप्ता शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।