देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में घायल महिला की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन नामजद आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया है।

तरकुलवा में महिला हत्याकांड में बड़ा खुलासा
Deoria : देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में घायल महिला की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन नामजद आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त फावड़ा और डंडा भी बरामद कर लिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
मुखबिर की सूचना पर कंचनपुर तिराहे से गिरफ्तारी
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में तरकुलवा पुलिस टीम ने शनिवार 7 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर कंचनपुर तिराहे के पास से तीन अभियुक्त—बाबूलाल यादव, हीरमती देवी और अनिता यादव—सहित एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा और डंडा भी बरामद कर लिया गया।
घर में घुसकर किया गया था जानलेवा हमला
पुलिस के मुताबिक 6 फरवरी 2026 को वादिनी सुगंती देवी ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि 5 फरवरी की शाम पुराने जमीनी विवाद को लेकर पट्टीदारों ने उनके घर में घुसकर फावड़े और डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में उनके पति नरसिंह यादव और बहू सीमा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इलाज के दौरान बहू की मौत, पति का उपचार जारी
घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सीमा देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि नरसिंह यादव का इलाज अभी जारी है। घटना के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
तरकुलवा थाने में मु.अ.सं. 029/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं—103(2), 109(1), 191(2), 191(3), 190, 333, 131 और 352—में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
अपराधियों पर सख्ती का संदेश
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की हिंसक वारदात में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।