देवरिया में करोड़ों की लागत से बने पुल में आयी दरार, विभाग में मचा हड़कंप

जिले की भाटपाररानी तहसील क्षेत्र में खंनुवा नदी पर निर्माणाधीन पुल में दरार आने के बाद सेतु निगम विभाग में हड़कंप मच गया है। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पुल उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग माना जा रहा है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 4 June 2026, 4:24 PM IST
google-preferred

Deoria: जिले की भाटपाररानी तहसील क्षेत्र में खंनुवा नदी पर निर्माणाधीन पुल में दरार आने के बाद सेतु निगम विभाग में हड़कंप मच गया है। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पुल उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग माना जा रहा है। पुल का निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ था कि उसमें कई फीट लंबी दरारें दिखाई देने लगीं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, बीते 1 जून को निर्माणाधीन पुल के एक हिस्से में अचानक दरार आ गई और कुछ निर्माण सामग्री नीचे गिर गई। उस समय पुल पर कई मजदूर काम कर रहे थे, लेकिन गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी मजदूर बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितता के आरोप दोहराने शुरू कर दिए।

निर्माणाधीन पुल में आयी दरार

ग्रामीणों ने लगाया ये आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार सेतु निगम और संबंधित अधिकारियों से पुल निर्माण में घटिया और मानक विहीन सामग्री इस्तेमाल किए जाने की शिकायत की थी। आरोप है कि शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके चलते यह स्थिति पैदा हुई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल निर्माण शुरू होने के साथ ही गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे थे, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने समय रहते ध्यान नहीं दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गोरखपुर से विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और पुल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम ने दरार वाली साइट का अवलोकन किया और प्रभावित हिस्से की दीवार को गिराकर दोबारा निर्माण कराने की सिफारिश की है। हालांकि इस पूरे मामले में सेतु निगम का कोई भी अधिकारी खुलकर बयान देने को तैयार नहीं है।

Gorakhpur: देवरिया बाईपास पर बाल श्रम का भंडाफोड़, पुलिस ने दो मासूमों को कराया मुक्त

डीएम ने दिए आदेश

वहीं, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण की गुणवत्ता और परियोजना की लागत संबंधी पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। यदि जांच में निर्माण कार्य मानकों के विपरीत पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

असम से देवरिया ऐसे पहुंचता था गांजा, बरामदगी ने उड़ाए सबके होश

साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि न हो। डीएम ने बताया कि जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है, जो मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की विस्तृत जांच करेगी।

Location :  Deoria

Published :  4 June 2026, 4:09 PM IST

Advertisement