हिंदी
पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार किया
Deoria: जनपद की बरहज थाना पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो विद्युत मोटर पंप और 2,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में हुई कई चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में जनपद भर में अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बरहज थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के सामान को बेचने की फिराक में दो युवक रेलवे स्टेशन के पास मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान अमरजीत यादव और अमित, दोनों निवासी बनकटिया बरछौली, थाना बरहज, जनपद देवरिया के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी के दो विद्युत मोटर पंप और 2,100 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मेंहियवां गांव में एक मकान की दीवार काटकर नकदी चोरी की थी। इसके अलावा 23 जून की रात बड़कागांव (रायबारी) क्षेत्र से एक विद्युत मोटर पंप चोरी किया था। आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि करीब 15 से 20 दिन पहले नदुआ गांव के सिवान से भी एक विद्युत मोटर पंप चोरी किया था। चोरी किए गए मोटर पंपों को बेचने के लिए ले जाते समय पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि मेंहियवां और बड़कागांव में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, बरामद किए गए एक अन्य विद्युत मोटर पंप के संबंध में अभी तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस अब उसके वास्तविक मालिक की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में जुटी है।
बरहज थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी की और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे किसी अन्य चोरी की वारदात में भी शामिल रहे हैं या नहीं।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने कहा कि जनपद में चोरी, लूट और अन्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और चोरी की घटनाओं का जल्द से जल्द खुलासा कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
Location : Deoria
Published : 27 June 2026, 8:43 PM IST