हिंदी
हिंदू महासभा का आगरा में प्रदर्शन
Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा में शनिवार को अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने स्वामी प्रसाद मौर्य की भगवान श्रीराम और वीर हनुमान को लेकर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ता एक युवक को सांकेतिक रूप से स्वामी प्रसाद मौर्य का रूप देकर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर मानसिक आरोग्यशाला पहुंचे। वहां उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से उनके नाम से ओपीडी का पर्चा भी कटवाया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कुछ महिला कार्यकर्ता हाथों में चप्पल लेकर सांकेतिक रूप से बने युवक के पीछे चलती नजर आईं। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किया गया और संगठन ने अपनी नाराजगी सार्वजनिक रूप से व्यक्त की।
Prayagraj: न ज्वाइनिंग, न जवाब… ग्राम विकास अधिकारी कहां हुआ लापता? जानिये चौंकाने वाला मामला
हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर, महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष निशा ठाकुर और नितेश भारद्वाज ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य लगातार सनातन धर्म और हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी करते रहे हैं। उनका कहना था कि मानसिक आरोग्यशाला लाकर प्रतीकात्मक रूप से यह संदेश दिया गया है कि इस तरह के बयानों का इलाज होना चाहिए।संगठन ने यह भी कहा कि इस प्रतीकात्मक इलाज में आने वाला पूरा खर्च वह स्वयं उठाएगा।
प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर कड़ी नाराजगी जताई। वहीं संगठन के सदस्य अवतार सिंह गिल ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य पहले भी आगरा आए थे, तब भी उनका विरोध किया गया था। उन्होंने दावा किया कि हालिया बयान से हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
इस प्रदर्शन में मनीष पंडित, विशाल कुमार, विपिन राठौर, बाबू भाई, ओमप्रकाश, अवतार सिंह गिल सहित अखिल भारत हिंदू महासभा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।फिलहाल इस प्रदर्शन को लेकर संबंधित पक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Location : Agra
Published : 27 June 2026, 6:39 PM IST