अब घर लौटेगा अभिषेक… यूक्रेन से आई बड़ी खबर, DNA रिपोर्ट मिलते ही तेज हुई शव लाने की प्रक्रिया

रूस-यूक्रेन युद्ध में जान गंवाने वाले देवरिया के अभिषेक निषाद के परिवार के लिए लंबे इंतजार के बीच राहत की खबर आई है। डीएनए रिपोर्ट भारतीय दूतावास तक पहुंचने के बाद शव को भारत लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। परिवार की उम्मीदें फिर जागी हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 July 2026, 3:18 PM IST

Deoria: देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के करमेल गांव के रहने वाले अभिषेक निषाद के परिवार के लिए लंबे इंतजार के बाद उम्मीद की एक किरण दिखाई दी है। रूस के मिसाइल हमले में यूक्रेन में जान गंवाने वाले अभिषेक का शव भारत लाने की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। पिता की डीएनए रिपोर्ट भारतीय दूतावास तक पहुंच चुकी है, जिसके बाद संबंधित एजेंसियों ने आगे की औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं।

परिवार को उम्मीद है कि सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद जल्द ही अभिषेक का पार्थिव शरीर उसके गांव पहुंच जाएगा, जहां अंतिम विदाई दी जाएगी।

मिसाइल हमले में हुई थी मौत

अभिषेक निषाद नाविक के रूप में कार्य कर रहे थे। 19 जुलाई 2026 की रात यूक्रेन के ओडेसा तट पर हुए रूस के मिसाइल हमले में उनकी मौत हो गई थी। विस्फोट इतना भीषण था कि उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया, जिससे पहचान करना आसान नहीं था। ऐसी स्थिति में शव की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए परीक्षण कराने का फैसला लिया गया। इसके बाद कंपनी और संबंधित अधिकारियों ने परिवार से संपर्क कर जरूरी प्रक्रिया शुरू कराई।

ये भी पढ़ें- जहाज पर हुआ हमला, जान बचाने के लिए समंदर में लगा दी छलांग, प्रयागराज के लाल का यूक्रेन में नहीं मिल रहा सुराग

पिता के डीएनए से हुई पहचान की पुष्टि

करीब एक सप्ताह पहले अभिषेक के पिता कौशल निषाद का डीएनए नमूना देवरिया की एक निजी पैथोलॉजी में लिया गया था। जांच के लिए सैंपल दिल्ली भेजा गया, जहां परीक्षण पूरा होने के बाद रिपोर्ट तैयार की गई। मंगलवार सुबह पैथोलॉजी की टीम ने रिपोर्ट परिवार को सौंपी। रिपोर्ट हाथ में लेते ही पिता कौशल निषाद की आंखें नम हो गईं। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट तुरंत व्हाट्सएप के जरिए मुंबई स्थित शिपिंग कंपनी के कार्यालय भेज दी गई।

भारतीय दूतावास तक पहुंची रिपोर्ट

परिजनों के अनुसार, कंपनी के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि अभिषेक और उनके पिता की डीएनए रिपोर्ट यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास को भेज दी गई है। अब दूतावास और संबंधित एजेंसियां शव को भारत भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही हैं। आधिकारिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर भारत लाया जाएगा। हालांकि, शव के भारत पहुंचने की निश्चित तारीख अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

ये भी पढ़ें- वैभव हत्याकांड के बाद गम में डूबा खजनी, नम आंखों से 12 साल के मासूम को अंतिम विदाई; अयोध्या रवाना हुआ शव

19 जुलाई से बेटे का इंतजार

अभिषेक की मां अनीता देवी और पिता कौशल निषाद 19 जुलाई से अपने बेटे के अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहे हैं। हर दिन परिवार की निगाहें किसी अच्छी खबर पर टिकी रहीं। अब डीएनए रिपोर्ट मिलने और प्रक्रिया आगे बढ़ने से परिजनों को उम्मीद बंधी है कि उनका बेटा जल्द अपने घर लौटेगा।

गांव के लोग भी परिवार के साथ खड़े हैं और सभी अभिषेक के पार्थिव शरीर के जल्द भारत पहुंचने की प्रार्थना कर रहे हैं। परिवार की एक ही इच्छा है कि बेटे को उसकी जन्मभूमि पर पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जा सके।

Location :  Deoria

Published :  29 July 2026, 3:18 PM IST