
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार
Lucknow: लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में शनिवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक डेमो कार अचानक बेकाबू होकर कई लोगों और वाहनों को टक्कर मारती हुई सामने से आ रही एसयूवी से जा भिड़ी। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची गाजीपुर पुलिस ने महिला चालक को हिरासत में ले लिया जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार इंदिरानगर स्थित एक कार शोरूम की महिला कर्मचारी शनिवार शाम डेमो कार लेकर निकली थी। कार में उसके साथ दो अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि शाम करीब 4:30 बजे इंदिरानगर के सी ब्लॉक इलाके में कार अचानक अनियंत्रित हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार कार करीब 100 मीटर तक सड़क पर दौड़ती रही और इस दौरान उसने दंपति, एक बच्चे समेत कई लोगों को टक्कर मार दी।
इसके बाद कार सड़क पार कर सामने से आ रही एक एसयूवी से जा भिड़ी। हादसे में कुल आठ अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। गाजीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने महिला चालक को हिरासत में लेकर कार को कब्जे में ले लिया है।
हालांकि कार में मौजूद उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में लापरवाही से वाहन चलाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और लोगों की भीड़ जुटी रही।
Location : Lucknow
Published : 16 May 2026, 7:27 PM IST
Topics : Demo Car Indra Nagar Lucknow Road Accident UP News