दिल्ली के मौसम ने रोकी 8 फ्लाइटें, लखनऊ एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप; आखिर ऐसी क्या आफत आन पड़ी?

दिल्ली में अचानक बदले मौसम ने देर रात हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया। खराब दृश्यता के कारण कई उड़ानों को दिल्ली की जगह लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। यात्रियों को कुछ घंटों की देरी का सामना करना पड़ा, लेकिन सभी फ्लाइटें सुरक्षित रहीं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 June 2026, 1:48 PM IST

Lucknow: दिल्ली में शुक्रवार देर रात अचानक मौसम ने करवट ले ली, जिससे हवाई सेवाओं पर बड़ा असर पड़ा। घने बादलों, खराब दृश्यता और तेज हवाओं के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानों की लैंडिंग अस्थायी रूप से रोक दी गई। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए कई फ्लाइटों को डायवर्ट करने का निर्णय लिया।

इस दौरान विभिन्न शहरों से दिल्ली आ रही कुल 8 उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया।

लखनऊ एयरपोर्ट बना वैकल्पिक ठिकाना

डायवर्ट की गई उड़ानों में सबसे पहले एअर इंडिया की आंध्र प्रदेश-दिल्ली फ्लाइट AI-2904 रात 12 बजे लखनऊ पहुंची, जिसमें 156 यात्री सवार थे। इसके बाद इंडिगो की अहमदाबाद-दिल्ली फ्लाइट 6E-932 रात 12:18 बजे लखनऊ उतरी, जिसमें 230 यात्री थे।

इसके अलावा एअर इंडिया एक्सप्रेस की पटना-दिल्ली फ्लाइट IX-1029, एयर इंडिया की उड़ीसा-दिल्ली फ्लाइट AI-1847 और इंडिगो की मंगलौर-दिल्ली फ्लाइट 6E-6457 भी देर रात लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारी गईं।

बिजली बिल में अचानक कम हो सकती है रकम! जून में मिलने जा रहा है ऐसा फायदा, जिसे कई लोग नहीं जानते

रात 12 बजे से 1:37 बजे तक लगातार लैंडिंग

रात बढ़ने के साथ और भी फ्लाइटें लखनऊ की ओर डायवर्ट होती रहीं। कजाकिस्तान से दिल्ली आ रही एयर अस्ताना की फ्लाइट KC-963 रात 1:12 बजे लखनऊ पहुंची। इसके बाद नासिक से आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6636 और स्पाइसजेट की पटना-दिल्ली फ्लाइट SG-2478 भी लखनऊ में सुरक्षित उतरी।

अधिकारियों के अनुसार, यह पूरा ऑपरेशन यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया गया। जैसे ही दिल्ली में मौसम सामान्य हुआ, सभी विमानों को उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

डेढ़ से दो घंटे की देरी के बाद उड़ानें रवाना

मौसम में सुधार होने के बाद सभी डायवर्ट फ्लाइटों को धीरे-धीरे दिल्ली भेजा गया। अधिकांश उड़ानों ने लगभग डेढ़ से पौने दो घंटे की देरी के बाद दोबारा टेकऑफ किया। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही थी और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें अलर्ट पर थीं।

सुबह आंधी-बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

शनिवार सुबह लखनऊ में भी मौसम ने परेशानी बढ़ाई। तेज आंधी और बारिश के कारण पांच फ्लाइटें देरी से रवाना हुईं। इनमें दुबई, रियाद, मुंबई, दिल्ली और कोलकाता जाने वाली उड़ानें शामिल थीं।

फ्लाइ दुबई की फ्लाइट FZ 444 लगभग 1 घंटे देरी से रवाना हुई
फ्लाइनेस की फ्लाइट XY 334 भी देर से उड़ान भर सकी
एयर इंडिया एक्सप्रेस की IX 1027 में भी देरी हुई
इंडिगो की 6E 2146 और 6E 505 भी निर्धारित समय से काफी बाद रवाना हुईं

MEA Fact Check: ओमान की खाड़ी में सुरक्षित है भारतीय क्रू वाला जहाज, विदेश मंत्रालय ने साफ की पूरी तस्वीर

यात्रियों की सुरक्षा रही प्राथमिकता

एयरपोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी निर्णय केवल सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिए गए। खराब मौसम में किसी भी जोखिम से बचने के लिए फ्लाइटों को डायवर्ट किया गया। यात्रियों को असुविधा जरूर हुई, लेकिन सभी उड़ानें सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंचाई गईं।

Location :  Lucknow

Published :  13 June 2026, 1:48 PM IST