हिंदी
दीपिका नागर और पति ऋतिक तंवर (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Noida: ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में हुई दीपिका नागर की मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस वक्त दीपिका नागर मौत मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक तरफ दीपिका के घर वाले कह रहे हैं कि उनकी बेटी की ससुराल वालों ने हत्या की है तो वहीं ससुराल में आस-पास रहने वाले लोगों का अलग बयान सामने आया है। घटना के वक्त चश्मदीद एक व्यक्ति ने बड़ी बात बताई है। उन्होंने बताया कि जिस समय दीपिका छत से नीचे गिरी थी, उस समय वह वहीं पर मौजूद थे।
दीपिका के ससुराल में पड़ोस में रहने वाले गुलजार चौधरी ने बताया कि घटना रात करीब 12:30 की है। वह अपने घर में मौजूद थे। तभी जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आने लगी। उन्होंने बाहर निकालकर देखा तो एक महिला नीचे पड़ी हुई है। महिला मुंह के बल जमीन पर पड़ी हुई थी। उन्होंने कभी भी दीपिका का चेहरा नहीं देखा था। गुलजार चौधरी का कहना है कि इतने में चिल्लाता हुआ भागते-भागते ऋतिक तंवर नीचे आया। महिला को वहां मौजूद लोगों ने तत्काल उठाकर अस्पताल में एडमिट करवाया। महिला को शारदा अस्पताल लेकर गए थे।
जलपुरा में रहने वाले लोगों का कहना है कि दीपिका नागर अधिकतर घूंघट में घर से बाहर निकलती थी, इसलिए उसका चेहरा किसी ने नहीं देखा था। इसके अलावा यह भी कहना है कि कभी भी ऋतिक और दीपिका की लड़ाई की बात सामने नहीं आई। उनके घर में कभी झगड़ा नहीं होता था। इसके अलावा ऋतिक काफी शांत स्वभाव का था। उसका कभी किसी से कोई विवाद नहीं हुआ।
वहीं, दूसरी तरफ इस मामले में दीपिका नागर के मायके वालों का कहना है कि उनकी बेटी की ससुराल वालों ने दहेज के लिए हत्या की है। दीपिका नागर मूलरूप से ग्रेटर नोएडा में स्थित कुड़ीखेड़ा गांव की रहने वाली थी और 14 महीनों पहले ग्रेटर नोएडा में ही स्थित जलपुरा गांव में शादी हुई थी। दीपिका के चाचा हितेश नागर ने डाइनामाइट न्यूज़ से बात करते हुए बताया था कि ऋतिक और उसके पिता दहेज में फॉर्च्यूनर गाड़ी मांग रहे थे। जबकि उन्होंने स्कॉर्पियो एन और एक करोड़ रुपए दिए थे।
Location : Greater Noida
Published : 20 May 2026, 9:12 AM IST