
दीपक नागर मर्डर केस में बड़ा खुलासा (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Noida: ग्रेटर नोएडा के वैदपुरा गांव में दीपक नागर हत्याकांड मामले में बड़े-बड़े खुलासे हो रहे हैं। डाइनामाइट न्यूज़ की टीम पहले दिन से ही ग्राउंड रिपोर्टिंग कर मामले की पूरी तरीके से तहकीकात कर रही है। अब इस मामले में एक नया और हैरान का देने वाला खुलासा हुआ है।
डाइनामाइट न्यूज़ की तहकीकात में पता चला है कि दीपक के पिता अशोक नागर कैंसर से पीड़ित है। गांव के सूत्रों का कहना है कि आरोपी पहले अशोक नागर की हत्या करना चाहते थे, लेकिन उनको जब पता चला कि अशोक खुद कैंसर से पीड़ित है तो आरोपियों ने अशोक को छोड़कर दीपक नागर को मौत के घाट उतारने का फैसला किया। आरोपियों ने सोचा कि जब अशोक खुद कैंसर से पीड़ित है तो वह कुछ दिन ही जिंदा रह पाएगा, इसलिए उसके बेटे दीपक की हत्या कर दो।
इसी वजह से अशोक के बजाय आरोपियों ने दीपक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। दीपक की छाती में 6 गोलियां मारी गई। जब वह रात को ड्यूटी के लिए जा रहा था तो हत्यारों से घेरकर गोलियों से भूनकर दीपक को मौत के घाट उतार दिया।
इस हत्याकांड के बाद दीपक के घर पर पुलिस का सख्त पहरा है। एक तरफ पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि दूसरी तरफ दीपक के घर वालों का कहना है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है, जो मुख्य आरोपी हैं उनको अभी तक पुलिस ढूंढ नहीं पाई। पीड़ित परिवार ने गांव के ही निवासी कल्लू के दोनों बेटों पर हत्या का आरोप लगाया है।
मामला आपसी रंजिश का था। करीब 14 साल पहले कल्लू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में कल्लू के परिजनों को लगा कि उनकी हत्या अशोक ने की है। अशोक के खिलाफ इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। अशोक के अलावा दो अन्य लोग भी आरोपी बनाए गए। जब कोर्ट में केस विचाराधीन था तो एक व्यक्ति की मौत हो गई, दूसरे व्यक्ति को उम्र कैद की सजा हो गई और सबूत नहीं मिलने पर अशोक को बरी कर दिया गया।
कोर्ट के फैसले से कल्लू के घर वाले खुश नहीं थे। उनको लगा था कि कोर्ट ने गलत फैसला सुनाया है। इसी वजह से अशोक से बदला लेने के लिए उसके बेटे दीपक नागर की हत्या कर दी। अब गांव में मातम छाया हुआ है और हर एक व्यक्ति सवाल पूछ रहा है कि क्या 14 साल पुरानी रंजिश के बदले किसी का भाई, किसी का बेटा या किसी का भतीजा मारना जरूरी था?
Location : Noida
Published : 24 May 2026, 9:03 AM IST
Topics : Deepak Nagar Deepak Nagar Murder Case Greater Noida murder case UP Crime News Vaidpura Village