सुल्तानपुर में जिस सफर पर निकला था पूरा परिवार, कुछ देर बाद मिली तीन मौतों की खबर

सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कूली बस ने टीवीएस मोपेड सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में बेटे की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल माता-पिता ने अंबेडकरनगर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 September 2026, 12:54 PM IST

Sultanpur : जिले में मंगलवार को सड़क पर ऐसा हादसा हुआ, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को पलभर में मातम में बदल दिया। अखंडनगर थाना क्षेत्र के पसना गांव में ब्रह्म बाबा देवस्थान के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कूली बस ने टीवीएस मोपेड सवार माता-पिता और उनके बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए माता-पिता की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। एक ही हादसे में परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

 

मोपेड से जा रहा था परिवार

बताया जा रहा है कि परिवार के तीनों सदस्य एक ही टीवीएस मोपेड पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। वे जैसे ही पसना गांव में ब्रह्म बाबा देवस्थान के पास पहुंचे, तभी सामने से आई स्कूली बस अनियंत्रित हो गई। बस ने मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसके माता-पिता भी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

इलाज के दौरान माता-पिता ने भी तोड़ा दम

गंभीर रूप से घायल माता-पिता को पहले अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें अंबेडकरनगर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह कुछ ही समय के अंतराल में परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।

रात के अंधेरे में कमरे के अंदर हुआ खौफनाक कांड! सुल्तानपुर में चाचा की रहस्यमयी मौत, भतीजा गंभीर; जानिए क्या हुआ?

गांव पहुंची खबर तो मच गई चीख-पुकार

तीनों की मौत की खबर जैसे ही पसना गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। जिस घर में कुछ देर पहले तक परिवार की आवाजें गूंज रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ तीन अपनों को खोने का गम हर किसी को झकझोर रहा है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

सूचना मिलने पर अखंडनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी थाने पहुंच गए। क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय कुमार गौतम ने हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Location :  Sultanpur

Published :  8 September 2026, 12:54 PM IST