हिंदी
Symbolic Photo (Image: Pinterest)
प्रयागराज के लालगोपालगंज क्षेत्र के उमरावगंज निवासी बनवारी लाल की बेटी प्रीति 13 मई 2023 को अचानक घर से लापता हो गई थी। परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो नवाबगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके बाद भी करीब तीन साल तक प्रीति का कोई सुराग नहीं मिला। परिवार को उम्मीद थी कि बेटी किसी दिन वापस लौट आएगी, लेकिन 30 सितंबर 2026 को गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र में एक युवती का शव मिलने की खबर ने सब कुछ बदल दिया।
गोरखपुर पुलिस को गुलरिहा क्षेत्र की झाड़ी में युवती का शव मिला था। शव की पहचान कराने के लिए पुलिस ने प्रयागराज के लालगोपालगंज पुलिस को सूचना दी। इसके बाद प्रीति की मां कमला देवी, चचेरा भाई जितेंद्र और भाभी गोरखपुर पहुंचे। परिजनों ने युवती की नाक पर तिल और शरीर पर जलने के निशान देखकर शव को प्रीति का मान लिया।
इसके बाद परिवार ने शव को अपनी बेटी समझकर अंतिम संस्कार कर दिया। मां का डीएनए सैंपल भी लिया गया था, ताकि वैज्ञानिक तरीके से पहचान की पुष्टि की जा सके। हालांकि, डीएनए रिपोर्ट आने से पहले ही परिवार बेटी की मौत मान चुका था। अब प्रीति के जीवित मिलने के बाद शव की पहचान को लेकर पूरा मामला उलझ गया है।
24 अक्टूबर को परिवार को ऐसी जानकारी मिली, जिसने उनके होश उड़ा दिए। लालगोपालगंज पुलिस चौकी के दारोगा शुभम ने प्रीति की मां कमला देवी को फोन करके बताया कि उनकी बेटी गुजरात के एक नारी संरक्षण केंद्र में सुरक्षित है। बड़ौदा स्थित केंद्र की काउंसलर तृप्ति पांडेय के मुताबिक, प्रीति पांच अगस्त 2023 को रेलवे स्टेशन के बाहर लावारिस हालत में मिली थी। इसके बाद उसे संरक्षण केंद्र में रखा गया।प्रीति के जिंदा मिलने से परिवार के सामने एक तरफ राहत की स्थिति है, तो दूसरी तरफ उस युवती की पहचान का सवाल खड़ा हो गया है, जिसका अंतिम संस्कार उन्होंने अपनी बेटी समझकर कर दिया था।
गुलरिहा क्षेत्र में इससे पहले अप्रैल में नहर से एक महिला और बच्चे का शव भी मिला था। उनकी पहचान भी नहीं हो सकी थी। अब प्रीति के जिंदा मिलने के बाद पुलिस को 30 सितंबर को मिले शव की पहचान नए सिरे से करनी होगी। डीएनए रिपोर्ट इस मामले में अहम साबित हो सकती है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि झाड़ी में मिली युवती कौन थी और परिजनों ने उसे प्रीति कैसे समझ लिया? पुलिस की जांच से ही इस रहस्य से पर्दा उठ सकेगा।
Location : Gorakhpur
Published : 28 October 2026, 11:32 AM IST