
5 आरोपी गिरफ्तार
Moradabad : जिले में एक ऐसा सनसनीखेज खुलासा हुआ है जिसने पूरे शहर को हिला दिया है। जहां एक पीतल कारोबारी के घर करोड़ों की डकैती को बाहर के बदमाशों का काम माना जा रहा था। वहीं पुलिस जांच में ऐसा सच सामने आया जिसने सबको चौंका दिया। इस वारदात की मास्टरमाइंड कोई बाहर का अपराधी नहीं, बल्कि कारोबारी की अपनी ही बेटी निकली। प्यार में अंधी होकर उसने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपने ही घर को लूटने की खौफनाक साजिश रच डाली।
थाना नागफनी क्षेत्र के अकबर कंपाउंड में रहने वाले पीतल कारोबारी इमरान के घर सोमवार तड़के बदमाशों ने धावा बोला था। इस दौरान करीब 1.20 करोड़ रुपये नकद और लगभग छह तोला सोना लूट लिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और पुलिस की कई टीमें जांच में लगाई गईं।
पुलिस ने जब जांच शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज और टोल प्लाजा के रिकॉर्ड ने अहम सुराग दिए। कारों के नंबर प्लेट बदले गए थे, लेकिन टोल पर सही नंबर दर्ज हो गया। इसी कड़ी से पुलिस ने एक-एक कर आरोपियों तक पहुंचना शुरू किया।
नोएडा श्रमिक आंदोलन: लोकेशन साउथ एशिया की… पीछे पाकिस्तान? मेरठ से सामने आया बड़ा अपडेट
जांच के दौरान पुलिस ने कार स्वामी कुलदीप को गिरफ्तार किया। पूछताछ में जो जानकारी सामने आई, उसने पूरे केस की दिशा बदल दी। इसके बाद पुलिस ने कारोबारी की बेटी अरीबा के प्रेमी अरशद को हिरासत में लिया और फिर पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अरशद और अरीबा के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों शादी करना चाहते थे। अरशद की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अरीबा ने उसे अपने ही घर में डकैती करने के लिए उकसाया। बताया गया कि पूरी योजना जनवरी से बनाई जा रही थी।
साजिश के तहत बदमाशों को घर में घुसने का प्लान दिया गया और भरोसा दिलाया गया कि घर के अंदर कोई बड़ी रोक-टोक नहीं होगी। यहां तक कहा गया कि घटना के बाद पुलिस तक शिकायत नहीं पहुंचेगी। इसी भरोसे पर पूरी वारदात को अंजाम दिया गया।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिनके पास से करीब 47.24 लाख रुपये नकद, तमंचे और दो कारें बरामद हुई हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Location : Moradabad
Published : 14 May 2026, 6:31 PM IST