साहब! मैं तो बकरियां चरा रहा था, मेरा क्या कसूर? मैनपुरी एसपी ऑफिस में पहुंचा युवक

मैनपुरी में बकरियां चराने गए एक दलित युवक पर लाठी-डंडे से हमला करने का आरोप लगा है। पीड़ित ने एसपी को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। युवक ने एक्सरे में पसली फ्रैक्चर होने का दावा किया...

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 September 2026, 2:51 PM IST

Mainpuri News: मैनपुरी में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है, जहां बकरियां चराने गए दलित युवक पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया गया है। हमले में युवक के गंभीर रूप से घायल होने और पसली में फ्रैक्चर होने का दावा किया गया है। पीड़ित ने अब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

बकरियां चराने के दौरान हुआ हमला

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के नगला गुरुबक्स गांव का बताया जा रहा है। गांव निवासी घनश्याम सिंह पुत्र शिवलाल ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि वह अनुसूचित जाति से हैं और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पीड़ित के मुताबिक, 25 सितंबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे वह गांव से कुछ दूरी पर अपनी बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान ग्वालटोली निवासी सरमन पुत्र भजनलाल वहां पहुंचा और पीछे से डंडे से हमला कर दिया।

मारपीट में बेहोश होने का आरोप

घनश्याम सिंह का आरोप है कि आरोपी ने उनके साथ जमकर मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें आरोपी से बचाया। पीड़ित ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गया। परिजनों ने घायल घनश्याम को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

एक्सरे में पसली फ्रैक्चर का दावा

शिकायत में घनश्याम सिंह ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उन्होंने कोतवाली पुलिस को आरोपी के खिलाफ शिकायती पत्र दिया, लेकिन उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से उनका चिकित्सकीय परीक्षण नहीं कराया गया। इसके बाद परिजनों ने उनका निजी अस्पताल में इलाज कराया और एक्सरे कराया। पीड़ित का दावा है कि एक्सरे रिपोर्ट में उनकी एक पसली में फ्रैक्चर सामने आया है। 

एसपी से कार्रवाई की मांग

पीड़ित घनश्याम सिंह ने एसपी से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी सरमन पुत्र भजनलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक कार्रवाई या आरोपी पक्ष का बयान सामने नहीं आया है। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।

Location :  Mainpuri

Published :  28 September 2026, 2:51 PM IST