
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Ghaziabad News: गाजियाबाद में रात एक स्क्रैप कारोबारी के घर पांच नकाबपोश बदमाश घुस गए। बदमाशों ने कारोबारी और उसके परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। बच्चों के सिर पर तमंचा सटाकर कारोबारी की पत्नी से जेवर और नकदी के बारे में पूछा गया। विरोध करने पर महिला के सिर और हाथ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। इसके बाद बदमाश अलमारी से करीब एक लाख रुपये की नकदी और जेवर लेकर फरार हो गए। घटना भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछीना गांव की है।
कलछीना गांव निवासी सद्दाम दिल्ली में स्क्रैप का कारोबार करते हैं। गांव के बाहर कब्रिस्तान के पास उनका मकान है। घर के बाहरी हिस्से में परचून की दुकान भी है, जिसे उनकी पत्नी अफरोजी संभालती हैं। सोमवार रात सद्दाम एक कमरे में सो रहे थे, जबकि दूसरे कमरे में उनकी पत्नी और छह बच्चे सो रहे थे। रात करीब 2:20 बजे पांच नकाबपोश बदमाश परचून की दुकान का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए। अंदर आने के बाद उन्होंने कूलर के पास मिर्च जला दी। धुआं कूलर के जरिए कमरे में पहुंचा तो परिवार की नींद खुल गई। पत्नी ने कमरे का दरवाजा खोला तो बदमाशों ने उसे पकड़ लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने महिला के सिर पर तमंचा और चाकू लगा दिया। वहीं बच्चों को भी गन पॉइंट पर ले लिया। चीख-पुकार सुनकर सद्दाम कमरे से बाहर आए तो पांचों बदमाश हथियारों के साथ पत्नी को घेरे हुए थे। सद्दाम ने शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने बच्चों के सिर पर तमंचा तानकर धमकी दी। इसके बाद कारोबारी के हाथ-पैर पत्नी के दुपट्टे से बांध दिए गए। बदमाशों ने पत्नी से सोना-चांदी और नकदी रखने की जगह पूछी। विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया।
पीड़ित के मुताबिक, बदमाशों ने उसकी पत्नी के जेवर उतार लिए और उसकी जेब से सेफ की चाबी निकाल ली। इसके बाद अलमारी खोलकर उसमें रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी और जेवर निकाल लिए। कारोबारी के अनुसार बदमाश एक जोड़ी पाजेब, सोने की झुमकी, सोने के कुंडल, चांदी की चुटकी समेत अन्य सामान ले गए। वारदात के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
ACP मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि रात करीब तीन बजे घर में अज्ञात लोगों के घुसने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पीड़ित की तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ACP के मुताबिक, वारदात के तरीके और पीड़ित के बयान से आशंका है कि बदमाशों को घर में रखे सामान की जानकारी पहले से थी। ऐसे में किसी परिचित के रेकी कराने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस परिवार और आसपास के लोगों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।
Location : Ghaziabad
Published : 15 September 2026, 11:06 PM IST