
प्रतिकात्मक फोटो
Gorakhpur: गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक महिला के नहाते समय चोरी से वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने का आरोप पड़ोस में रहने वाले युवक पर लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला को महीनों तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और डर का फायदा उठाकर उससे दो लाख रुपये नकद और सोने की चेन तक हड़प ली। जब महिला की सहनशक्ति जवाब दे गई तो उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि करीब तीन से चार महीने पहले उसके पड़ोस में रहने वाले युवक मुकेश, जो रामशरण का बेटा है, ने उसकी निजी जिंदगी में दखल देते हुए बेहद घिनौनी हरकत की। महिला का आरोप है कि मुकेश ने किसी तरह से उसका नहाते समय चोरी से वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी ने उसी वीडियो को हथियार बनाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। महिला के मुताबिक मुकेश बार-बार उसे फोन करता और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे डराता था। आरोपी का मकसद साफ था- वह महिला को डराकर उससे पैसे और अन्य फायदे लेना चाहता था।
महिला ने आरोप लगाया कि वीडियो बनाने के बाद आरोपी की हिम्मत इतनी बढ़ गई कि वह अक्सर उसे वीडियो कॉल करता और अश्लील हरकतें करने के लिए दबाव डालता था। जब महिला उसकी बातों का विरोध करती तो वह उसे समाज में बदनाम करने की धमकी देता था। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला के परिवार को भी निशाना बनाया। महिला के मुताबिक मुकेश ने उसके पति और बच्चों को जान से मारने तक की धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों से महिला बेहद डर गई और मानसिक तनाव में रहने लगी।
महिला का कहना है कि समाज में बदनामी के डर और परिवार की सुरक्षा की चिंता ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया। इसी डर का फायदा उठाते हुए आरोपी ने उससे पैसे की मांग की।
आरोप है कि मुकेश ने महिला से दो लाख रुपये नकद ले लिए। इतना ही नहीं, उसने महिला के पति की सोने की चेन भी अपने पास रख ली। महिला को लगा कि शायद पैसे देने के बाद आरोपी उसे परेशान करना बंद कर देगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आरोपी की धमकियां और ब्लैकमेलिंग का सिलसिला लगातार जारी रहा।
पीड़िता ने बताया कि इस मामले में उसने पहले भी गोला थाने में शिकायत की थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। आरोपी की धमकियों से परेशान महिला लगातार भय के माहौल में जी रही थी। जब मामला लगातार बढ़ता गया और आरोपी का हौसला कम होने की बजाय और बढ़ गया तो महिला ने हार नहीं मानी। उसने सीधे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाने का फैसला किया।
महिला द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने मामले की जांच के निर्देश दिए। इसके बाद गोला थाना पुलिस ने आरोपी मुकेश पुत्र रामशरण के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2), 75, 77 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है और इसकी गहराई से जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
गोला थाना पुलिस के अनुसार आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि महिला की सुरक्षा और गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
इस घटना के सामने आने के बाद रामामऊ गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Location : गोरखपुर
Published : 13 March 2026, 8:12 PM IST