

यूपी के आगरा में शुक्रवार को कोर्ट से लौट रही एक महिला की बदमाशों ने सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल पैदा हो गया।
आगरा में महिला की गोलियों से भूनकर हत्या
आगरा: आगरा में शुक्रवार को दिनदहाड़े मर्डर की वारदात सामने आयी है। फतेहाबाद थाना क्षेत्र में कोर्ट से लौटते समय हमलावरों ने एक महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर फतेहाबाद इलाके में हुई। मृतक महिला की पहचान मंजू (28) निवासी फतेहाबाद के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार महिला की शुक्रवार को कोर्ट में तारीख लगी थी। आगरा कोर्ट में केस की सुनवाई थी। वह दोपहर को कोर्ट से तारीख करके वापस लौट रही थी। इस दौरान फतेहाबाद के सारंगपुर रोड के पास रास्ते में बदमाशों ने उसे रोक लिया और उस पर दनादन गोलियां बरसा दी। गोली लगने के बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की जांच करती पुलिस
मृतका के पिता ने विवाहिता के ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।
पति से चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार मृतका का अपने पति मनोज कुमार से कई वर्षों से विवाद चल रहा है। उसने पति के खिलाफ कोर्ट में मामला दायर किया था। शुक्रवार को वह कोर्ट में तारीख पर गई थी।
घटनास्थल पर एकत्रित लोग
कोर्ट से तारीख करने के बाद मंजू फतेहाबाद पहुंची। वह पैदल अपने घर जा रही थी। इस बीच रास्ते में बदमाशों ने उसे गाली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। लेकिन तब तक बाइक सवार फरार हो गए।दिनदहाड़ गोली मारकर हुई हत्या के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई।
मृतका के परिजन
मंजू का मायका गढ़ी केसरी, थाना निबोहरा में है। उसकी शादी फतेहाबाद के एक मोहल्ले में रहने वाले मनोज से हुई थी। मंजू के रहते हुए मनोज ने दूसरी शादी कर ली थी और वह मंजू को गुजारा भत्ता भी नहीं दे रहा था।
पति के दूसरी शादी करने के बाद मंजू अपने मायके गढ़ी केसरी में रहने लगी थी और गुजारा भत्ता के लिए उसने कोर्ट में केस किया हुआ था। इसी केस की तारीख के लिए वह आज आगरा आई थी। यहां से वह अपने मायके लौटने के लिए बस से फतेहाबाद पहुंची।
फतेहाबाद से गढ़ी केसरी के लिए आने-जाने के लिए कोई साधन नहीं है, इसलिए मंजू फतेहाबाद से पैदल-पैदल ही गांव की ओर जा रही थी।
मृतका की मां ने बताया कि पति के साथ 5 साल से विवाद चल रहा है। कोर्ट में तारीख के लिए बेटी आगरा गई थी। लौटते समय उसकी हत्या कर दी। मां ने बेटी के पति पर हत्या करने की आशंका जताई है।
पुलिस ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस हमलावरों की तलास में जुट गई है।
एसीपी फतेहाबाद अमरदीप लाल ने बताया कि महिला की हत्या की सूचना मिली। प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि महिला की उसके पति ने हत्या की है। पुलिस जांच कर रही है।