हिंदी
जाली नोट बनाने की कंपनी का भंडाफोड़ (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Rampur: उत्तर प्रदेश के रामपुर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। थाना गंज पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से कई लाख रुपये के जाली नोट और नकली नोट बनाने की पूरी फैक्ट्री पकड़ी ।
रामपुर पुलिस ने 1 अप्रैल 2026 को बिलासपुर गेट के पास से दो युवकों को 10,500 रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था। शुरुआत में मामूली लगने वाला यह मामला जांच में बड़ा नेटवर्क बनकर सामने आया।
नकली नोट बनाने का सामान बरामद
पुलिस की गहन जांच में एटा निवासी राजवर्धन सिंह चौहान उर्फ आसू और चिराग सक्सेना का नाम सामने आया, इसके बाद 11 अप्रैल को चिराग सक्सेना को रामपुर से गिरफ्तार किया गया, जबकि 12 अप्रैल को उसकी निशानदेही पर मेरठ से राजवर्धन सिंह को दबोचा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 88 हजार 200 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। इसके अलावा लैपटॉप, प्रिंटर, लेमिनेशन मशीन, स्पेशल इंक, कागज और नकली नोट बनाने के कई अत्याधुनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
पूछताछ में मुख्य आरोपी राजवर्धन सिंह ने खुलासा किया कि वह अलीगढ़ रोडवेज पर एक अज्ञात व्यक्ति के संपर्क में आया था। उसी ने उसे नकली नोट बनाने का लालच दिया था। आरोपी ने दिल्ली में करीब एक महीने तक ट्रेनिंग ली और फिर मेरठ में फ्लैट किराए पर लेकर पूरी फैक्ट्री तैयार कर ली, जिसके बाद आरोपी सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम के जरिए लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें नकली नोट देकर असली पैसे वसूलते थे।
इस तरह ये गिरोह तेजी से अपना नेटवर्क बढ़ा रहा था, फिलहाल रामपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस तरह के अपराधों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।
वेब सीरीज से प्रेरित होकर युवकों ने नकली नोट छापने का बड़ा खेल शुरू कर दिया।
Location : Rampur
Published : 12 April 2026, 6:31 PM IST