
नगर के सभासदों ने प्रयागराज डीआरएम को सौंपा ज्ञापन
Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात की नगर पालिका परिषद झींझक के सभासदों ने रेलवे स्टेशन झींझक पर यात्रियों को हो रही विभिन्न समस्याओं को लेकर उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। सभासदों ने स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव और यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
रेलवे स्टेशन पर हो रही बड़ी समस्या को लेकर सौंपा गया ज्ञापन
शुक्रवार को प्रयागराज स्थित कार्यालय पहुंचकर सभासद प्रदीप शर्मा, कन्हैया पोरवाल, अजय यादव, रामजी गुप्ता और प्रतिनिधि अंशू यादव ने डीआरएम से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि झींझक रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन तीन से चार हजार यात्रियों का आवागमन होता है, लेकिन सुविधाओं के अभाव में यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में फिर दिखा तेज रफ्तार का कहर, बाइक चालक गंभीर रूप से घायल
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगे
ज्ञापन में मुख्य रूप से मालगोदाम के पास नया फुट ओवरब्रिज बनाए जाने, खानपुर रोड से रेलवे क्रॉसिंग तक सड़क निर्माण कराने और रेलवे क्रॉसिंग पर बने ओवरब्रिज के दोनों ओर पैदल सीढ़ियां बनवाने की मांग की गई। सभासदों ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था में महिला, बुजुर्ग, हृदय व श्वास रोगी तथा व्यापारी वर्ग को ओवरब्रिज पार करने में काफी दिक्कत होती है, जिससे कई बार यात्रियों की ट्रेन तक छूट जाती है।
पैदल सीढ़ियां न होने पर होते आएदिन हादसे
इसके अलावा सिकंदरा-बिल्हौर राजमार्ग (114) पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर सीढ़ीदार पुल न होने के कारण राहगीरों को जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करना पड़ता है। हाल के दिनों में यहां कई हादसे भी हो चुके हैं।
डीआरएम प्रयागराज ने दिया आश्वासन
डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने सभासदों को आश्वासन दिया कि सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही वह स्वयं मौके का निरीक्षण कर अन्य समस्याओं का भी समाधान सुनिश्चित करेंगे।
Location : Kanpur Dehat
Published : 10 April 2026, 5:45 PM IST