
हिंदू महासभा ने जताई कड़ी आपत्ति
Raebareli: रायबरेली में उत्तर प्रदेश पुलिस सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र में पंडित शब्द के कथित नकारात्मक प्रयोग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र अग्निहोत्री ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि 14 मार्च को आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा के हिंदी खंड में एक ऐसा प्रश्न पूछा गया, जिसे उन्होंने आपत्तिजनक और समाज के सम्मानित एवं प्रबुद्ध वर्ग की भावनाओं को आहत करने वाला बताया। उनके अनुसार इस प्रश्न को लेकर समाज में आक्रोश व्याप्त है।
पत्र में श्री अग्निहोत्री ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि प्रश्न को पूर्वाग्रह के साथ तैयार किया गया है,जिससे एक वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाने और अपमानित करने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदी खंड में पंडित शब्द को नकारात्मक अर्थ और अवसरवाद से जोड़कर प्रश्न पूछना सीधे तौर पर हिंदू समाज और विद्वानों का अपमान है। उन्होंने कहा कि पंडित शब्द विद्वता, ज्ञान और सम्मान का प्रतीक है, ऐसे शब्द को नकारात्मक संदर्भ में प्रयोग करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे समाज की भावनाओं को आहत करने वाला और अशोभनीय बताया है।
Raebareli Road Accident: रायबरेली में तेज रफ्तार कर कहर, तीन की मौत; जानिये पूरा मामला
प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र अग्निहोत्री ने इस मामले को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री से मांग की कि जिन लोगों ने इस प्रकार की मानसिकता के साथ परीक्षा का प्रश्नपत्र तैयार किया है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि सरकारी परीक्षाओं में प्रयुक्त भाषा अत्यंत संतुलित,जिम्मेदार और संवेदनशील होनी चाहिए,क्योंकि ऐसे प्रश्नपत्र लाखों युवाओं के सामने आते हैं और उनका समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है।इस प्रकार के विवादित प्रश्न समाज में अनावश्यक तनाव और विवाद को जन्म देते हैं, जिसे टाला जाना चाहिए।
Location : Raebareli
Published : 15 March 2026, 7:52 PM IST
Topics : Hindu Mahasabha Raebareli UP News UP Police Exam