हिंदी
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा
Maharajganj: जिले में घरेलू गैस की सही सप्लाई बनाए रखने और कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर गैस से जुड़ी शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। अब लोग गैस सप्लाई में दिक्कत, ज्यादा पैसे लेने या अवैध भंडारण की शिकायत सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं।
प्रशासन की ओर से कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर आम लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल को दी गई है। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक इसकी निगरानी एसडीएम विजय यादव करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा है कि जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। अगर कोई एजेंसी या व्यक्ति गैस की कालाबाजारी करता है या ज्यादा दाम वसूलता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
प्रशासन ने कहा है कि गैस सिलेंडर का अवैध स्टॉक रखने वालों पर नजर रखी जाएगी। अगर कहीं गलत तरीके से गैस जमा करने या बेचने की जानकारी मिलती है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी। लोगों से भी अपील की गई है कि ऐसी जानकारी प्रशासन को दें।
जिले की सभी तहसीलों में जांच टीम बनाई गई है। ये टीमें अचानक जांच करेंगी और गैस एजेंसियों के रिकॉर्ड और स्टॉक की जांच करेंगी। पुलिस, खाद्य विभाग, राजस्व विभाग और तेल कंपनियों के अधिकारी भी लगातार निगरानी करेंगे।
प्रशासन ने बताया कि घरेलू गैस की सप्लाई को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए ओटीपी आधारित डिलीवरी सिस्टम लागू किया जा रहा है। लोग ऑनलाइन गैस बुक कर घर तक सिलेंडर मंगवा सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से कहा है कि जरूरत से ज्यादा गैस स्टॉक न करें और एजेंसियों पर भीड़ लगाने से बचें।
21 अप्रैल को जिले में 10,054 गैस सिलेंडर की बुकिंग हुई। वहीं 13,333 सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध था, जिसमें से 10,598 सिलेंडर की बिक्री हुई। जिले में कुल 149 पेट्रोल पंप हैं, जिनमें 132 चालू मिले। जिले में डीजल का स्टॉक 964 किलोलीटर और पेट्रोल का स्टॉक 783 किलोलीटर दर्ज किया गया। उसी दिन 348 किलोलीटर डीजल और 297 किलोलीटर पेट्रोल की बिक्री हुई।
Location : Maharajganj
Published : 22 April 2026, 9:24 PM IST