
बैठक
रायबरेली : वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ कांग्रेस अब दिल्ली के रामलीला मैदान में सियासी ताकत दिखाने की तैयारी में जुट गई है। एक नवंबर को होने वाली पार्टी की महारैली को लेकर रायबरेली में भी हलचल तेज हो गई है। इसी सिलसिले में तिलक भवन में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक की अगुवाई कांग्रेस पर्यवेक्षक और विधायक राना गुरजीत सिंह ने की। पार्टी का जोर रायबरेली से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने और महारैली को सफल बनाने पर है।
बैठक के दौरान राना गुरजीत सिंह ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तहत रायबरेली, बाराबंकी और सीतापुर क्षेत्रों में पार्टी नेताओं के साथ बैठकें की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली की तैयारियों का जायजा लेने और स्थानीय पदाधिकारियों से चर्चा करने के लिए वह रायबरेली पहुंचे हैं।
UP MLC चुनाव पर अखिलेश यादव का BJP पर तंज, बोले- ‘लखनऊ वाले दिल्ली वालों का फोन नहीं उठा रहे’
राना गुरजीत सिंह ने रायबरेली को गांधी परिवार की परंपरागत राजनीतिक सीट बताते हुए कहा कि यहां पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने और तैयारियों पर चर्चा करने का अवसर मिला है। उन्होंने दावा किया कि रायबरेली में महारैली को लेकर अच्छी तैयारी है और जिला अध्यक्ष से भी इस संबंध में बातचीत हुई है।
कांग्रेस के लिए यह महारैली अपने राजनीतिक अभियान को मजबूती देने का अवसर भी है। पार्टी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के मुद्दे को लेकर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और दिल्ली में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी कर रही है। ऐसे में रायबरेली जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र से कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर खास ध्यान दिया जा रहा है।
सरेनी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी और पार्टी नेत्री सुधा द्विवेदी ने कहा कि रायबरेली में महारैली को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यकर्ताओं के दिल्ली जाने के लिए छोटी-बड़ी गाड़ियों की व्यवस्था की गई है। कई लोग ट्रेन से भी रवाना होंगे।
उन्होंने कहा कि एक नवंबर को रामलीला मैदान में बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे और रायबरेली से महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रहेगी। बैठक में कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचने और दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी दी गई।
Location : New Delhi
Published : 28 October 2026, 7:17 PM IST