
स्कूली बच्चों से भरी एक वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटी (IMG: Dynamite News)
Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी एक प्राइवेट वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय वैन में 19 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में सभी बच्चों को हल्की चोटें आईं, जबकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। ग्रामीणों की सूझबूझ और त्वरित मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, राजपुर कस्बा के एक निजी स्कूल की वैन जैनपुर-सिकंदरा मार्ग से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। जैनपुर गांव के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वैन पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गए।
यहां भी पढ़ें: Kanpur Dehat News: हाथ पर ‘I Love You RA’ और ‘राधा’ का टैटू… लेकिन नहीं हो सकी युवती की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से सभी घायल बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राजपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया। राहत की बात यह रही कि किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई।
राजपुर थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वैन को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यहां भी पढ़ें: Kanpur Dehat News: खुले नाले में गिरने से 3 वर्षीय मासूम की मौत, नगर पंचायत की लापरवाही पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
यह हादसा एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्कूली वैन में 19 बच्चे होना खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। परिवहन नियमों का पालन, वाहनों की नियमित जांच और प्रशिक्षित चालकों की नियुक्ति जैसे मानकों का सख्ती से पालन कराया जाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Location : Kanpur Dehat
Published : 3 August 2026, 12:51 PM IST