
बच्चे पढ़ने पहुंचे तो स्कूल में मिला 'तालाब' (IMG: Dynamite News)
Kannauj: उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने और बच्चों को सुविधाएं देने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन कन्नौज के अकबरपुर में तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। छिबरामऊ क्षेत्र के अकबरपुर स्थित सरकारी कंपोजिट विद्यालय में बारिश के बाद ऐसा जलभराव हुआ कि पूरा स्कूल परिसर तालाब में तब्दील हो गया। देर रात हुई तेज बारिश के बाद सुबह जब शिक्षक और बच्चे विद्यालय पहुंचे तो स्कूल का नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया। परिसर में चारों तरफ पानी भरा था। हालात इतने खराब थे कि स्कूल के कमरों और कार्यालय तक में घुटनों के बराबर पानी पहुंच गया।
विद्यालय में जलभराव का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पानी सिर्फ स्कूल के खुले परिसर तक सीमित नहीं रहा। कमरों और कार्यालय में भी पानी घुस गया। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य सुमन के मुताबिक, जलभराव के कारण कई महत्वपूर्ण सरकारी कागजात भी भीगकर खराब हो गए। सरकारी दस्तावेजों के पानी में भीगने से विद्यालय के रिकॉर्ड को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
कन्नौज में चालान पर भड़के तीर्थयात्री, अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर बस खड़ी कर लगाया जाम
बारिश के बाद विद्यालय पहुंचने वाले बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूल परिसर में पानी भरा होने के कारण बच्चे गेट के बाहर ही खड़े रहे। बच्चों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही था कि आखिर वे स्कूल के अंदर जाएं तो जाएं कैसे? चारों तरफ पानी भरा होने के कारण कक्षाओं में बैठकर पढ़ाई करना संभव नहीं था।
विद्यालय में पानी भरने की समस्या सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं है। बच्चों और शिक्षकों के सामने सुरक्षा का खतरा भी बना हुआ है। स्थानीय लोगों और बच्चों के मुताबिक, स्कूल का भवन पहले से ही जर्जर स्थिति में है। बारिश के बाद लंबे समय तक पानी भरे रहने से सांप, बिच्छू और दूसरे जहरीले जीवों के स्कूल परिसर में आने का खतरा बढ़ गया है।
कोख का सौदा! कन्नौज में जुड़वां नवजात बच्चों को 1.80 लाख में बेचा, मां गांव छोड़कर फरार
प्रभारी प्रधानाचार्य सुमन का कहना है कि विद्यालय में जलभराव की समस्या नई नहीं है। इस समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक पानी की निकासी का कोई स्थायी इंतजाम नहीं किया गया। हर बार बारिश के बाद विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या सामने आती है और कुछ समय बाद हालात सामान्य हो जाते हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने फिलहाल बच्चों की पढ़ाई को जारी रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही है। छिबरामऊ के खंड शिक्षा अधिकारी आनंद द्विवेदी ने बताया कि फिलहाल बच्चों की पढ़ाई अकबरपुर ग्राम पंचायत में बने कार्यालय में कराने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही विद्यालय से पानी निकालने की कोशिश की जाएगी।
Location : Kannauj
Published : 18 August 2026, 2:13 PM IST