सासाराम स्टेशन पर खड़ी पैसेंजर ट्रेन की बोगी में आग, यात्रियों में मचा हड़कंप

सासाराम रेलवे स्टेशन पर खड़ी पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी में अचानक आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई। घटना में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 May 2026, 3:59 PM IST

Chandauli: पीडीडीयू रेल मंडल के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब प्लेटफार्म पर खड़ी सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी में अचानक आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे हुई। आग लगते ही बोगी से धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में लपटें उठने लगीं, जिससे स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई।

खाली बोगी होने से टला बड़ा हादसा

सबसे राहत की बात यह रही कि जिस कोच में आग लगी, वह पूरी तरह खाली था। ट्रेन 53212 डाउन सासाराम-पटना पैसेंजर अपने निर्धारित समय सुबह 6:45 बजे पटना के लिए रवाना होने वाली थी। घटना के समय यात्री बोगी में मौजूद नहीं थे, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।

Chandauli Accident: पहले बाइक सवार को रौंदा, फिर दुकानों में जा घुसी; पढे़ं पूरी खबर

रेलवे, आरपीएफ और फायर ब्रिगेड की तत्परता

आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी, आरपीएफ जवान और अन्य सुरक्षा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। समय रहते की गई कार्रवाई से आग अन्य डिब्बों तक फैलने से रोक ली गई।

बोगी अलग कर ट्रेन को किया रवाना

आग से प्रभावित बोगी को सावधानीपूर्वक ट्रेन से अलग कर दिया गया। इसके बाद तकनीकी जांच और सुरक्षा परीक्षण किए गए। सभी आवश्यक जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को सुबह 8:04 बजे पटना के लिए रवाना किया गया। इस घटना के कारण ट्रेन अपने निर्धारित समय से लगभग डेढ़ घंटे की देरी से चली।

Chandauli Bridge Collapse: चंदौली में बड़ा हादसा! निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक गिरा, ठेकेदार मौके से फरार; जानें पूरा मामला

तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका

आरपीएफ सासाराम पोस्ट प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि इस घटना में किसी यात्री या रेलकर्मी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या विद्युत शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

रेलवे प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा उपकरणों की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

Location :  Chandauli

Published :  18 May 2026, 3:59 PM IST