
इलाके में मचा हड़कंप (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बबुरी थाना क्षेत्र के विठवल कला गांव के पास तेज रफ्तार ओवरलोड डंपर ट्रक ने साइकिल सवार वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
मृतक की पहचान 70 वर्षीय वृद्ध के रूप में हुई है, जो चकिया से अपने गांव भटौली लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और ओवरलोड मिट्टी से भरे डंपर ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चकिया–मुगलसराय मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने की मांग की। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक समझाने के बाद भी स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
चंदौली में ट्रेन चल चुकी थी, तभी नीचे दिखा युवक… स्टेशन पर मच गया हड़कंप
ग्रामीणों के प्रदर्शन के कारण चकिया–मुगलसराय मार्ग लगभग दो घंटे तक जाम रहा। इस दौरान सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस के आश्वासन के बाद धीरे-धीरे जाम हटाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से ओवरलोड ट्रक और तेज रफ्तार वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इसी लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ है।
चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 528 किलो गांजा चिमनी भट्टी में जलाया… कीमत 1 करोड़
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में यातायात नियमों के पालन को लेकर अभियान भी तेज किया जाएगा।
Location : Chandauli
Published : 13 April 2026, 11:50 AM IST