
नमकीन फैक्ट्री में छापा (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Chandauli: जिले में मिलावटखोरों और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुगलसराय स्थित औद्योगिक क्षेत्र फेज दो में औचक निरीक्षण करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र की दो प्रमुख नमकीन फैक्टरियों में गंभीर खामियां पाई गईं, जिसके बाद विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए संचालकों को नोटिस जारी कर दिया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग को लंबे समय से स्थानीय स्तर पर संचालित खाद्य इकाइयों में गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों की अनदेखी की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर विभाग की विशेष टीम ने मुगलसराय के औद्योगिक क्षेत्र फेज दो में स्थित 'साईं नमकीन फैक्ट्री' और 'आशीष नमकीन फैक्ट्री' पर एक साथ छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से फैक्ट्री परिसरों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने फैक्टरियों के अंदर निर्माण प्रक्रिया, साफ-सफाई और इस्तेमाल होने वाली सामग्री की बारीकी से जांच की। जांच-पड़ताल में कई तरह की अनियमिताएं और तकनीकी खामियां सामने आईं। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों फैक्टरियों के संचालकों को आधिकारिक नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। इसके अलावा, मानक के अनुरूप गुणवत्ता की पुष्टि के लिए नमकीन के विभिन्न नमूने (सैंपल) भरकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के उल्लंघनकर्ताओं पर और अधिक कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के इस अभियान के दौरान विभाग ने एक अन्य महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 'राजेश ब्रांड मिक्स मसाला' की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। बाजार में इस उत्पाद के सेवन से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
सुलतानपुर में यूट्यूबर संजय यदुवंशी का तिकोनिया पार्क में धरना, पुलिस दबिश के विरोध में जुटे समर्थक
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें अब केवल फैक्टरियों तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि स्थानीय बाजारों में भी इनकी पैनी नजर बनी हुई है। प्रतिबंधित उत्पादों और संदिग्ध खाद्य सामग्रियों की बिक्री रोकने के लिए बाजारों में लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई भी दुकानदार प्रतिबंधित सामग्री या बिना मानक के खाद्य पदार्थों की बिक्री करते पाया गया, तो उसके खिलाफ बिना किसी ढील के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Chandauli
Published : 9 October 2026, 3:04 PM IST