हिंदी
दिनदहाड़े बैंक के बाहर वारदात (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Chandauli: जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े एसबीआई बैंक के बाहर एक ग्राहक से रुपये छीनने की घटना सामने आया है। बैंक से नकदी निकालकर बाहर निकले ग्राहक को एक युवक ने निशाना बनाया और उसके हाथ से रुपये छीनकर भागने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पीड़ित ने शोर मचा दिया।
ग्राहक की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आरोपी का पीछा किया। कुछ ही दूरी पर युवक को पकड़ लिया गया। गुस्साए लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ से आरोपी को अपने कब्जे में लिया और उसे थाने ले गई।
स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते आरोपी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ग्राहक के छीने गए रुपये सुरक्षित बरामद कर लिए। इससे पीड़ित ग्राहक को राहत मिली। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि लोगों ने तुरंत सक्रियता नहीं दिखाई होती तो आरोपी मौके से फरार हो सकता था।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई और भी शामिल था। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाकर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े बैंक के बाहर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बैंक से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन नकदी निकालते हैं, ऐसे में बैंक परिसरों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठने लगी है।
पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि बैंक से नकदी निकालने के बाद सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि आरोपी के पकड़े जाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
Location : Chandauli
Published : 3 July 2026, 3:45 AM IST