भीषण गर्मी और बिजली कटौती से चंदौली में भड़का जनआक्रोश, बबुरी पावर हाउस का ग्रामीणों ने किया घेराव

यूपी में बिजली संकट से लोग परेशान हैं। चंदौली के बबुरी क्षेत्र में भीषण गर्मी और लगातार बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने पावर हाउस का घेराव कर रातभर धरना दिया। 18 घंटे बिजली सप्लाई की मांग उठी और अपोलो फैक्ट्री को 24 घंटे बिजली देने पर भेदभाव के आरोप लगे।

Updated : 22 May 2026, 11:00 AM IST
google-preferred

Chandauli: सदर तहसील क्षेत्र के बबुरी इलाके में बिजली कटौती को लेकर गुरुवार देर रात हालात तनावपूर्ण हो गए। भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने बबुरी पावर हाउस का घेराव कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की संख्या सैकड़ों में बताई जा रही है, जिन्होंने रातभर धरना देकर बिजली सप्लाई व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की।

18 घंटे बिजली सप्लाई की मांग, रातभर चला प्रदर्शन

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें इस भीषण गर्मी में केवल 3 से 4 घंटे ही बिजली मिल पा रही है, जबकि वे कम से कम 18 घंटे बिजली सप्लाई की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने अपोलो फैक्ट्री की बिजली आपूर्ति भी बंद करा दी और आरोप लगाया कि फैक्ट्री को 24 घंटे बिजली दी जा रही है, जबकि गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। इसी भेदभाव के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

पावर हाउस का घेराव और मुर्दाबाद के नारे

आक्रोशित ग्रामीणों ने बबुरी पावर हाउस का घेराव करते हुए बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “बिजली विभाग मुर्दाबाद” के नारे पूरी रात गूंजते रहे। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण बना रहा, हालांकि किसी बड़े टकराव की सूचना नहीं मिली।

Chandauli News: शॉर्ट सर्किट की चिंगारी से डिलीवरी वैन बना आग का गोला, मचा हड़कंप

भाजपा नेता और बिजली अधिकारी के बीच फोन पर तीखी बहस

प्रदर्शन के दौरान भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष राणा सिंह और बिजली विभाग के अधिकारियों के बीच फोन पर तीखी बहस भी हुई। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान राणा प्रताप सिंह ने गुस्से में कहा- “मां का दूध पिया है तो सुबह 11 बजे ऑफिस आकर दिखाना।” इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे मामला और गरमा गया है।

Power Cut Chandauli

बिजली सप्लाई (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)

बिजली विभाग पर गंभीर आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जेई समेत स्थानीय बिजली अधिकारी फोन नहीं उठाते और समस्याओं को नजरअंदाज करते हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हो रहा है, जिससे उनका जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

Chandauli News: गांवों में नहीं रहते, चुनाव में वोट डालने आते हैं? स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और बिजली संकट से हालात खराब

इन दिनों पूरे उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के साथ बिजली कटौती की समस्या गंभीर बनी हुई है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोग घंटों बिजली कटौती से परेशान हैं। प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।

Location :  Chandauli

Published :  22 May 2026, 11:00 AM IST

Advertisement