
कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली (मुगलसराय जीटी रोड) में हुए एक दर्दनाक हादसे के बाद सूबे की सियासत पूरी तरह गर्मा गई है। शुक्रवार की देर रात डीडीयू जंक्शन गेट के सामने मां काली मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ था, जिसमें मलबे के नीचे दबने से 58 वर्षीय कर्मचारी बलदेव यादव की जान चली गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दर्दनाक घटना के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय फौरन एक्शन में आ गए हैं।
हादसे की सूचना मिलने के बाद ही यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय आज सोमवार को मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दांडी निवासी मृतक कर्मचारी बलदेव यादव के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही उन्होंने इस पूरी घटना को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ बेहद तीखे तेवर अपनाए।
यह भी पढ़ें-नाम पूछा, फिर मचा बवाल! युवक-युवती के साथ सरेआम मारपीट, अब पुलिस के एक्शन से बढ़ी हलचल
अजय राय ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन ने पूरे मामले को दबाने और सच को छिपाने की पुरजोर कोशिश की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह असंवेदनशील हो चुकी है। अगर वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए होते, तो एपको कंपनी में तैनात कर्मचारी बलदेव यादव आज हमारे बीच जिंदा होते। अजय राय ने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस पार्टी हर मोड़ पर इस पीड़ित परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार के सामने पीड़ित परिवार के लिए बड़ी मांगें रखी हैं। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को तत्काल 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी सौंपी जाए। इसके साथ ही, इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए।
महराजगंज में एक और बड़ा तबादला, फरेंदा एसडीएम शैलेन्द्र गौतम को इस जिले की सौंप गई कमान
चंदौली के साथ-साथ अजय राय ने मेरठ में हुए मामले को लेकर भी यूपी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने मेरठ की घटना के दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने और वहां के लापरवाह पुलिस अधिकारियों पर भी तत्काल एक्शन लेने की मांग उठाई।
Location : Chandauli
Published : 13 July 2026, 2:38 PM IST