
प्रतीकात्मक छवि (Image Source: Google)
Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में गुरुवार को एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बड़ा हादसा कर दिया। सदर थाना क्षेत्र के कस्बा शंकर मोड़ के पास एंबुलेंस ने पहले एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दूर जा गिरा और एंबुलेंस सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसी। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बताया जा रहा है कि यह एंबुलेंस बनारस से मरीज छोड़कर बिहार की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने के कारण यह दुर्घटना हुई।
जानकारी के अनुसार इस हादसे में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। घायलों में बाइक सवार के अलावा दुकान के पास मौजूद कुछ लोग भी शामिल हैं, जो एंबुलेंस की चपेट में आ गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
Budaun Crime: मासूम से दरिंदगी के बाद आरोपी फरार, इलाके में भारी आक्रोश
बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज के आकस्मिक चिकित्सक डॉ. संजय कुमार के अनुसार, एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। अन्य घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने मौके पर एंबुलेंस को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। सदर थाना पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
महराजगंज में डीआईजी का सख्त संदेश, महिला सुरक्षा बनी पहली प्राथमिकता; पढ़ें पूरी खबर
पुलिस ने बताया कि आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की जाए, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
Location : Chandauli
Published : 10 April 2026, 1:02 AM IST