
जनगणना 2027 की तैयारी तेज
Ballia : जिले में जनगणना 2027 को लेकर माहौल धीरे-धीरे तैयार होने लगा है। प्रशासन इसे जनभागीदारी वाला अभियान बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को एक अहम बैठक हुई। जिसमें अधिकारियों को साफ और आसान निर्देश दिए गए कि कैसे इस बड़े काम को सफल बनाना है।
बैठक में बने प्लान
विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जनगणना को लेकर पूरी रणनीति तैयार की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सबसे पहले अधिकारी खुद अपनी स्व-गणना करें, ताकि वे इस प्रक्रिया को बेहतर तरीके से समझ सकें। इसके बाद वे अपने अधीन काम करने वाले कर्मचारियों की गणना भी सुनिश्चित कराएं।
शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग की अहम भूमिका
बैठक में शिक्षा विभाग को बड़ी जिम्मेदारी दी गई। बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को कहा गया कि सभी शिक्षक इस प्रक्रिया में शामिल हों। वहीं स्वास्थ्य विभाग को भी एक्टिव रहने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी को साफ कहा गया कि एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और अन्य कर्मचारियों की स्व-गणना हर हाल में कराई जाए।
बलिया में नर्सिंग होम विवाद में इंसाफ की मांग के बीच आत्मदाह का प्रयास, मचा हड़कंप
गांव-गांव तक पहुंचेगा अभियान
प्रशासन की कोशिश है कि यह अभियान सिर्फ शहरों तक सीमित न रहे। जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों के जरिए गांव-गांव तक इसे पहुंचाने के निर्देश दिए गए। हर ग्राम पंचायत में बैठक होगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग जुड़ सकें और जागरूकता बढ़े।
किसान, पेंशनर और आम लोग भी होंगे शामिल
जिला कृषि अधिकारी को किसान यूनियनों के जरिए किसानों को जोड़ने को कहा गया। वहीं समाज कल्याण अधिकारी को पेंशनरों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश मिले। अन्य लाभार्थियों को जोड़ने की जिम्मेदारी भी संबंधित विभागों को दी गई।
मोबाइल से आसान होगी स्व-गणना
जिलाधिकारी ने बताया कि अब आम लोग अपने मोबाइल फोन से भी आसानी से स्व-गणना कर सकते हैं। इससे प्रक्रिया और सरल होगी और लोगों को कहीं जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
जागरूकता पर रहेगा फोकस
स्कूलों में बच्चों को प्रार्थना सभा के दौरान जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा ई-रिक्शा, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रचार किया जाएगा। सफाई कर्मचारियों को भी इस अभियान से जोड़ने पर खास जोर दिया गया है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, सीआरओ त्रिभुवन, एडीएम अनिल कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
Location : Ballia
Published : 6 May 2026, 9:43 PM IST