
उन्नाव सड़क दुर्घटना (Img : Google)
Unnao : जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने कुछ ही सेकेंड में पांच लोगों की जिंदगी छीन ली। तेज रफ्तार स्लीपर बस अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। सामने से आ रही एक आर्टिगा कार से आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार महिला, दो मासूम बच्चों समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस सड़क किनारे खंती में पलट गई और एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरियाणा से बिहार जा रही स्लीपर बस का चालक मोहित, यह अलीगढ़ के खैरा क्षेत्र का रहने वाला है। सुबह करीब पांच बजे वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसे झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। जिसके चलते बस अनियंत्रित हो गई। हालांकि बस में सवार कुछ यात्रियों ने चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने बताया कि इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दुर्घटना की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस तेज रफ्तार में थी। अचानक नियंत्रण खोने के बाद उसने पहले एक्सप्रेसवे का डिवाइडर तोड़ा और फिर दूसरी लेन में पहुंच गई। उसी समय आगरा की ओर जा रही आर्टिगा कार उसकी चपेट में आ गई। टक्कर के बाद बस भी संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे खंती में पलट गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने पुलिस व यूपीडा की टीम को सूचना दी।
उन्नाव साधु हत्याकांड का मास्टरमाइंड ढेर! पुलिस एनकाउंटर में एक लाख का इनामी इसराइल मारा गया
हादसे के समय बस में करीब 85 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 17 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की रेस्क्यू टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात भी सामान्य कराया।
पुलिस के अनुसार आर्टिगा कार में कुल आठ लोग सवार थे। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दिव्या (13), अमृता (5), अंजू (40), धुनमुन (60) और कार चालक विनोद (45) के रूप में हुई है। एक ही परिवार के कई सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल और घटनास्थल की ओर रवाना हो गए।
बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी अखिलेश पांडेय ने बताया कि शुरुआती तौर पर चालक को झपकी आने की वजह से हादसा होने की आशंका है, लेकिन अन्य संभावित कारणों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। यात्रियों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल होगी। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Location : Unnao
Published : 1 July 2026, 2:35 PM IST