कार रुकवाई, शीशा खुलवाया और फिर बरस पड़े डंडे… मुजफ्फरनगर की घटना CCTV में कैद

मुजफ्फरनगर के बुढाना कस्बे में दबंग युवकों ने एक स्विफ्ट कार को घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। कार में सवार युवकों की बेरहमी से पिटाई की गई, जबकि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 26 May 2026, 6:15 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में मंगलवार को बीच सड़क दबंगई का खौफनाक नजारा देखने को मिला। बुढाना कस्बे की मास्टर कॉलोनी में कुछ युवकों ने एक स्विफ्ट कार को चारों तरफ से घेर लिया और फिर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमलावरों ने पहले कार में जमकर तोड़फोड़ की और फिर कार सवार युवकों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए युवक मौके से भागते नजर आए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मास्टर कॉलोनी में हुई सनसनीखेज वारदात

जानकारी के अनुसार, घटना मुजफ्फरनगर के बुढाना कोतवाली क्षेत्र स्थित मास्टर कॉलोनी की है। बताया जा रहा है कि कुरालसी गांव निवासी राजा कुशवाह अपने दो दोस्तों देव और शिवप्रताप के साथ किसी काम से बुढाना कस्बे में आया था। जैसे ही उनकी स्विफ्ट कार मास्टर कॉलोनी पहुंची, वहां पहले से मौजूद 7 से 8 युवक लाठी-डंडों के साथ उनकी कार के पास पहुंच गए।

पहले घेरा, फिर शुरू कर दी पिटाई

सीसीटीवी वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि हमलावर पहले स्विफ्ट कार को चारों तरफ से घेर लेते हैं। इसके बाद कुछ देर बातचीत होती है और अचानक दबंग युवक कार पर हमला शुरू कर देते हैं। हमलावरों ने कार के शीशे तोड़े और लाठी-डंडों से कार सवार युवकों की जमकर पिटाई की।

मुजफ्फरनगर में देर रात गोलियों की गूंज! 28 मुकदमों वाला शातिर शाहनवाज पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

भागकर बचाई जान

हमले के दौरान कार सवार युवक किसी तरह मौके से भागे और अपनी जान बचाई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि हमला काफी अचानक और हिंसक था, जिससे आसपास मौजूद लोग भी सहम गए।

सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

पूरी घटना पास ही के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो सामने आने के बाद यह तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कुछ युवक खुलेआम सड़क पर गुंडागर्दी करते नजर आ रहे हैं।

पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है। बताया जा रहा है कि एक पक्ष कुरालसी गांव का है जबकि दूसरा पक्ष कुरथल गांव का रहने वाला है। पुरानी रंजिश के चलते ही दोनों पक्ष आमने-सामने आए और मामला हिंसक झगड़े में बदल गया।

मुजफ्फरनगर में खून से सनी खुशियां: पत्नी से चल रहे विवाद के बीच दामाद ने की अंधाधुंध फायरिंग, सास समेत 3 महिलाएं घायल

दो आरोपी हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित युवकों की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। बाकी हमलावरों की तलाश की जा रही है।

क्या बोले सीओ बुढाना?

सीओ बुढाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। उन्होंने कहा कि बुढाना कस्बे में आमने-सामने आने के बाद मारपीट और गाड़ी में तोड़फोड़ की घटना हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  26 May 2026, 6:15 PM IST

Advertisement