मैनपुरी में कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने जनसुनवाई कर जनता की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को समाधान का आदेश दिया और कांग्रेस, विपक्ष एवं ऊर्जा सुरक्षा पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वंचित समाज को प्रॉपर न्याय नहीं मिला।

कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Mainpuri: मैनपुरी पुलिस लाइन रोड स्थित ट्रांजिट हॉस्टल में उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनता की समस्याओं को ध्यान से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान देने के आदेश दिए। मंत्री ने जनता से संवाद करते हुए कहा कि सरकार सभी नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और कोई भी शिकायत बिना जवाब के नहीं रहेगी।
जनसुनवाई के दौरान मंत्री जयवीर सिंह ने कांशीराम के आंदोलन और कांग्रेस की भूमिका पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस दबे-कुचले वंचित और शोषित लोगों को न्याय देती, तो कांशीराम जी का आंदोलन कभी खड़ा नहीं हो पाता। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वंचित समाज को प्रॉपर न्याय नहीं मिला और उनके आकांक्षाओं की पूर्ति नहीं हुई, जिससे बसपा सहित अन्य दलों के माध्यम से दलितों का राजनीतिक उदय हुआ। जयवीर सिंह ने सुझाव दिया कि कांग्रेस को देश से इसके लिए क्षमा याचना करनी चाहिए।
कैबिनेट मंत्री ने NCERT पाठ्यक्रम के मुद्दे पर चल रही बहस पर कहा कि न्यायपालिका के आदेश का पालन कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट में प्रकरण चल रहा है और सरकार न्यायपालिका के आदेशों का पूरी तरह पालन करती है। उन्होंने विपक्ष को चेतावनी दी कि उन्हें केवल संवैधानिक संस्थाओं पर अविश्वास की राजनीति करना बंद करना चाहिए।
मैनपुरी में कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने जनता की समस्याओं पर की गंभीर जनसुनवाई, समाधान के आदेश दिए#Manpuri #JaiveerSingh #UPPolitics #PublicHearing @INCIndia pic.twitter.com/7SptZi7yQe
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) March 14, 2026
जयवीर सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष द्वारा महाभियोग की कोशिशों को कोई तवज्जो नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि 193 विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया था, लेकिन इसे भी खारिज कर दिया गया। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल चर्चा में बने रहने के लिए ऐसे कदम उठाता है और इसका देश पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
विश्व में जारी ईरान और इज़राइल के बीच युद्ध और गैस संकट के सवाल पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत सबसे कम प्रभावित देशों में है। उन्होंने बताया कि भारत के ईरान के साथ मधुर संबंध हैं और आवश्यक ऊर्जा भंडार के लिए सहयोग जारी है। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक स्रोतों और अन्य देशों से पेट्रोलियम उत्पादों की आयात व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि देश में ऊर्जा की कमी न हो।
जयवीर सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि जो लोग अवैध रूप से मुनाफाखोरी करना चाहते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना था कि सरकार का प्रयास है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक ऊर्जा और अन्य संसाधनों की सुविधाएं पहुंचाई जाएं।
अमेरिका का बड़ा शिकंजा, 92 करोड़ के इनाम से घिरा ईरान का नया सुप्रीम लीडर; जानें अब क्या हुआ?
मंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों में मोजतबा खामेनेई की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि एक व्यक्ति के कारण विश्व प्रभावित हो रहा है, जिसमें भारत का कोई हस्तक्षेप नहीं है। उन्होंने कहा कि, "हमारा प्रयास है कि हर जरूरतमंद तक संसाधन पहुंचे और न्यायपालिका तथा संवैधानिक संस्थाओं के आदेशों का पालन हमेशा सुनिश्चित किया जाए।"